रायपुर
देवपुरी सांई वाटिका की घटना में अफसरों का दम निकला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 मई। स्टेट हाइवे से महज आधे किमी की दूरी में रिहायशी बंगले घुसकर आधी रात डकैती को अंजाम देने वाले गैंग की तलाश करने में पुलिस को पसीने छूट गए हैं। नागपुर और देवास में कई दिनों तक डेरा जमाए रहने के बाद भी रायपुर पुलिस को कोई लीड नहीं मिल सका है। सीपत में भी एक जाकर लौट आई है। लीड नहीं मिल पाने के कारण डकैतीकांड की जांच की रफ्तार पहले से धीमें हो गई है। इस मामले में ढाई हजार कैमरों से पुलिस ने तकरीबन दस हजार संदिग्ध चेहरों को खंगाला है, बावजूद मामले की छानबीन करते अफसरों का दम निकल गया है। 20 लाख रुपये से ज्यादा के गहने और कैश लेकर आरोपी गैंग पकड़ से कोसो दूर है। मामले में एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट का दावा है खुफिया टीमें डकैतों की खोजबीन के लिए लगातार सक्रिय है। उम्मीद है कि आगे कोई सुराग जरूर हाथ लगेंगे। साहू परिवार में हुई डकैती की घटना में पहली बार ऐसी डकैती हुई है जहां पर आरोपियों ने बकायदा दोपहिया लूटा है। दंपत्ति से दोपहिया की चाबी निकलवाकर वाहन अपने साथ ले गए। पुलिस को उम्मीदें थी कि दोपहिया की खोजबीन में उन्हें कोई कामयाबी मिलेगी। गाड़ी नंबर के आधार पर कहीं न कहीं उनके पते तक पहुंचेंगे, लेकिन आरोपी इस एंगल में भी पुलिस से दो कदम आगे निकल गए। पुलिस ने दोपहिया चोरी के केस और बरामद होने वाले दोपहिया में भी इस गाड़ी को लेकर दिलचस्पी बढ़ाई लेकिन शहर में दो से ढाई सौ दोपहिया चोरी के केस में बरामद करने के बाद भी डकैतों के हाथ लगी दोपहिया का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने देवपुरी से शहर की तरफ आने वाले रास्तों में पचपेढ़ी नाका और फिर रेलवे स्टेशन में काफी फोकस किया था लेकिन यहां से भी कोई संदिग्ध गिरोह पकड़ में नहीं आ सका। पुलिस ने संभावना जताई थी कि आरोपी स्टेशन आकर यहां से ट्रेन पकड़े होंगे।
पुलिस अलर्ट तक छोड़ गए शहर
इस बात की पूरी संभावना है कि आरोपी डकैत पुलिस अलर्ट होने तक रायपुर से बाहर निकल गए। दंपत्ति ने बताया था कि आरोपी लूटपाट करने के लिए रात में तकरीबन बारह बजे घर में घुसे थे। दो से ढाई घंटे तक वहां रहे, इसके बाद सभी फरार हो गए। एक शख्स दोपहिया लूटकर निकला। रात के अंधेरे के वक्त आरोपी छंट गए। अलग-अलग रास्ता पकड़े और निकल भागे।
बिना मोबाइल के वारदात का अंदेशा
एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट डकैती कांड में जांच कर रही है। 5 मई के बाद पुलिस लगातार इस लोकेशन पर संदिग्ध एक्टीव नंबर की बारिकी जांच करने में लगी हुई है। मोबाइल टावर के आधार पर भी वारदात के समय देवपुरी में एक्टीव नंबर खंगालने टीम सक्रिय है बावजूद क्राइम स्पॉट के पास से कोई भी लीड नहीं है। ऐसा हो सकता है शातिर पकड़े जाने के डार से मोबाइल फोन यहां लिए बिना ही आए थे। या फिर किसी और जगह उसे डंप कर दिया था।
लीड की उम्मीद
इस केस में टीमें लगी हुई है। डकैतीकांड का खुलासा जरूर होगा। आगे हमें लीड की उम्मीद है।
- गिरीश तिवारी,
प्रभारी क्राइम ब्रांच