रायपुर

कुछ जिलों में भाजयुमो कमजोर, बदलेंगे अध्यक्ष
23-May-2022 7:25 PM
कुछ जिलों में भाजयुमो कमजोर, बदलेंगे अध्यक्ष

रायपुर, 23 मई। भाजयुमो के रायपुर संभाग के पदाधिकारियों की सोमवार को बैठक में गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि एक-दो जिलों में युवा मोर्चा की सक्रियता अपेक्षाकृत काफी कम रही है। इस पर बैठक में अप्रसन्नता जताई गई। कहा जा रहा है कि कमजोर परफॉरमेंस वाले जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को बदला जा सकता है।

युवा मोर्चा के प्रभारी अनुराग सिंहदेव, और प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने रायपुर संभाग के अंतर्गत जिलों, और मंडल अध्यक्षों के  साथ बैठक की। बैठक में एक बूथ-20 यूथ कमेटी के गठन, सोशल मीडिया प्रभारियों की नियुक्ति और कार्यक्रमों में सक्रियता की विस्तार से समीक्षा की गई।  सूत्र बताते हैं कि एक-दो जिलों में जिलाध्यक्षों का कामकाज संतोषजनक नहीं पाया गया। गरियाबंद जिले के तो ज्यादातर मंडल अध्यक्ष गायब रहे। इसको लेकर भी प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष ने नाराजगी जताई है। यह भी पाया गया कि एक-दो जगहों में पार्टी कार्यक्रमों में युवा मोर्चा की भागीदारी अपेक्षाकृत सीमित रही है। जबकि मौजूदा परिस्थितियों में सक्रियता दिखाने की जरूरत है। कहा जा रहा है कि ऐसे कमजोर परफॉरमेंस वाले जिला अध्यक्षों को पदमुक्त किया जा सकता है। साथ ही आधा दर्जन से अधिक मंडल अध्यक्षों को भी हटाकर नई नियुक्तियां की जा सकती है।


अन्य पोस्ट