रायपुर

देश में कोयले की कमी नहीं, अदानी के कोयले को खपाने के लिए पैदा किया जा रहा संकट-उदित राज
07-May-2022 8:29 PM
 देश में कोयले की कमी नहीं, अदानी के कोयले को खपाने के लिए पैदा किया जा रहा संकट-उदित राज

पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए सीएम को दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 मई। असंगठित एवं कामगार कर्मचारी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज ने शनिवार को मोदी सरकार पर निशाना साधा, और कहा कि वो कर्मचारियों से नफरत करती है। पुरानी पेंशन योजना लागू करने में भी अड़ंगा लगा रही है। उन्होंने  पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए सीएम भूपेश बघेल को बधाई दी।

डॉ. उदित राज प्रदेश दौरे पर आए हैं। उन्होंने शनिवार को मीडिया से चर्चा में असंगठित मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश के अंदर असंगठित कामगारों की संख्या 15-20 साल में बढ़ी है।

डॉ. उदित राज ने कहा कि मौजूदा दौर में असंगठित कामगारों के सामने बड़ी समस्या हैं। उन्होनें बताया कि सात प्रतिशत कामगार ही संगठित क्षेत्र और 93 प्रतिशत असंगठित क्षेत्र में है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार की ठेका नीतियों की वजह से असंगठित क्षेत्र के कामगार बढ़े हैं। कांग्रेस सरकार ने असंगठित क्षेत्र के लिए मनरेगा, श्रमिक कार्ड सहित विभिन्न योजनाएं शुरू की थी।

कोयले संकट पर उन्होंने कहा कि देश में कोयले को लेकर काफी विवाद चल रहा है। देश में कोयले की कमी नहीं है। अदानी ने आस्ट्रेलिया में जो कोयला खदान खरीदा गया हैं। उसे खपाने के लिए जान बूझकर कोयले के संकट पैदा किया जा रहा है। बढ़ती महंगाई ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। इससे बिजली काफी प्रभावित हुई है। जिसकी वजह से देश के कई क्षेत्रों में लोगों को नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

 

 


अन्य पोस्ट