रायपुर

38 विधायकों का परफॉर्मेंस बता रहा सरकार की दिशा—पुरंदेश्वरी
07-May-2022 7:11 PM
38 विधायकों का परफॉर्मेंस बता  रहा सरकार की दिशा—पुरंदेश्वरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 मई। दो दिन के दौरे पर आईं प्रदेश भाजपा प्रभारी  डी. पुरंदेश्वरी ने  एयरपोर्ट में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि आज दुर्ग संभाग के दौरे पर जा रहे हैं, वहां संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके बाद आगे की रणनीति बनेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के साथ तमाम मंत्रियों के दौरे को लेकर कहा कि हम भी दौरा कर रहे हैं, हमारी पार्टी के कार्यकर्ता अच्छे ढंग से काम कर रहे हैं। प्रशासन की असफलताओं को जनता के बीच लेकर जाएंगे, इन्होंने घोषणा पत्र में 36 वादे किए गए, जिसे पूरे नहीं किए, यही हमारा मुद्दा रहेगा। डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस के 38 विधायकों का परफॉर्मेंस बताता है कि सरकार किस दिशा में जा रही है। प्रदेश के लोग देख रहे हैं। सही समय में इन्हें सही जवाब मिल जाएगा। हम अपनी पार्टी के संगठन को कैसे मजबूत करें, हमारा ध्यान इसी पर रहेगा।

मिशन 2023 के लिए भाजपा की रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी सह प्रभारी नितिन नवीन भी राजधानी पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने दोनों का स्वागत किया। प्रभारी डी पुरंदेश्वरी यहां 7 और 8 मई को संभाग स्तरीय बैठकों में भाग लेंगी। कार्य विस्तार योजना के साथ-साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगी। साथ ही पदाधिकारियों से वन टू वन चर्चा करेंगी और आज शाम रायपुर में दो बड़ी बैठकें लेंगी। इन बैठकों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि हफ्तेभर पहले ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मिलकर आए हैं।

पलटवार: कांग्रेस के मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पुरंदेश्वरीजी को कांग्रेसी की चिंता छोड़ भाजपा की करना चाहिए।  प्रदेश में गुटबाजी के चलते भाजपा की स्थिति काफी खराब है।


अन्य पोस्ट