रायपुर

982 सिंधियों की नागरिकता पर फैसला कल शाम, गृह राज्यमंत्री राय ने दिल्ली में बुलाई बैठक
05-May-2022 7:47 PM
 982 सिंधियों की नागरिकता पर फैसला कल शाम, गृह राज्यमंत्री राय ने दिल्ली में बुलाई बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 मई। पाकिस्तान से आए सिंधी शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए शदाणी दरबार के प्रमुख संत युधिष्ठिर लाल ने पहल की है। इस कड़ी में उन्होंने गुरुवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से चर्चा की है। बताया गया कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने शुक्रवार की शाम को दिल्ली में बैठक रखी है। जिसमें सिंधी शरणार्थियों को नागरिकता देने पर चर्चा की जाएगी।

पाकिस्तान से करीब 982 सिंधी शरणार्थी यहां रह रहे हैं। इनमें से कई तो 10 से अधिक समय से यहां है। वो भारतीय नागरिकता के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन उन्हें नहीं मिल पा रहा है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्री राय आज यहां पहुंचे, तो शदाणी दरबार के प्रमुख संत युधिष्ठिर लाल ने उनसे मुलाकात की।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को नागरिकता नहीं मिल पाने के कारण केंद्र, और राज्य सरकार की किसी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जबकि केंद्र सरकार ने इसको लेकर घोषणा की है। नित्यानंद राय ने इस दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। राय ने शुक्रवार की शाम दिल्ली में बैठक रखी है। इसमें गृह मंत्रालय के आला अफसर मौजूद रहेंगे। साथ ही साथ संत युधिष्ठिर लाल, श्रीचंद सुंदरानी, ललित जैसिंघ सहित अन्य प्रमुख नेता भी वहां पहुंच रहे हैं।


अन्य पोस्ट