रायपुर

खैरागढ़ में हार-जीत पर आमने-सामने लोकतंत्र के खतरा कांग्रेस-विष्णुदेव साय
17-Apr-2022 5:17 PM
खैरागढ़ में हार-जीत पर आमने-सामने लोकतंत्र के खतरा कांग्रेस-विष्णुदेव साय

जनता का कांग्रेस पर भरोसा बढ़ा-मरकाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 अप्रैल। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के नतीजे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है। खैरागढ़  विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने विजयी प्रत्याशी को बधाई दी।   साय ने कहा कि जनता के हित में भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ भाजपा लगातार संघर्षरत रहेगी। भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस घोषणा पत्र के सभी 29 बिंदुओं पर अमल के लिए इसी क्षण से भूपेश बघेल सरकार के विरुद्ध संघर्ष करने तैयार हैं। हम अपने सभी कार्यकर्ताओं की संघर्ष क्षमता को नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं, जिन्होंने सत्ता और उसके चाटुकार प्रशासन की तानाशाही तथा कांग्रेस के कारनामों का जमकर मुकाबला किया।

साय ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ने अनैतिकता की हद पार कर दी। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन का खुला दुरुपयोग किया। यह चुनाव कांग्रेस ने नहीं बल्कि प्रशासन ने लड़ा। जिसमें सरकारी मशीनरी का सौ फीसदी दुरुपयोग किया गया है। यह कांग्रेस के हथकंडों और अनैतिक दुष्प्रचार की जीत तथा लोकतंत्र की पवित्रता पर डाका है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में पूरे प्रदेश से कांग्रेस की अलोकतांत्रिक तरीके अपनाकर जनता को छलने वाली सरकार के सफाये के लिए भाजपा के कार्यकर्ता संघर्ष करेंगे।

खैरागढ़में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि यह जीत कांग्रेस पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते भरोसे का प्रतीक है। यह कांग्रेस सरकार के पिछले सवा तीन साल के जनहितकारी कामों पर जनता की मुहर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने महत्तपूर्ण योजनाये बनाया और उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन किया। इस कारण जनता कांग्रेस पर भरोसा कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने खैरागढ़ की जनता से चुनाव में जो वायदा किया खैरागढ़ की जनता ने उस पर भरोसा दिखाया। जनता जानती है कांग्रेस जो कहती है वह करती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि खैरागढ़ की ऐतिहासिक जीत के लिये कांग्रेस वहां के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करती है। यह जीत जनता के भरोसे की जीत है। हम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उनके मंत्रियों तथा प्रभारी पी. एल. पूनिया कांग्रेस के ऊर्जावान कार्यकताओं को पदाधिकारियों को इन सारे नेताओं को बधाई देते है जिनके प्रयासों से पार्टी का 71 वां विधायक चुनाव जीता।


अन्य पोस्ट