रायपुर

रात शक्तिनगर, शंकर नगर, मोवा और भाटागांव में बिजली गुल, गर्मी में लोग परेशान
16-Apr-2022 7:28 PM
 रात शक्तिनगर, शंकर नगर, मोवा और भाटागांव में बिजली गुल, गर्मी में लोग परेशान

संभागों में अघोषित बिजली कटौती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अप्रैल। शहर में भरी गर्मी के बीच अचानक से बिजली गुल होने से लोग परेशान हैं। शुक्रवार को कई जगहों में अघोषित तरीके से बिजली कटौती किए जाने से लोग परेशान रहे। भाठागांव में एक घंटे तक बिजली नहीं होने से लोगों ने संभाग कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शंकर नगर में भी बार-बार बिजली चले जाने से लोग परेशान हुए। शक्ति नगर, शंकर नगर समेत मोवा क्षेत्र में भी बार-बार बिजली चले जाने से कारोबारी भी परेशान रहे। बिजली विभाग द्वारा जारी किए गए नंबर पर लोगों ने संपर्क करना चाहा लेकिन अफसर बिजली क्यों चली गई इसके बारे में कुछ नहीं बता सके। छत्तीसगढ़ में बिजली सरप्लस होने के दावों के बीच इन दिनों लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। हाल ही में सरकार ने बिजली बिल के टेरिफ में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। लेकिन घनी आबादी वाले हिस्सों में लगातार बिजली गुल रहने की शिकायतें बढऩे लगी है। भाठागांव के लोगों ने बताया यहां ज्यादातर बिजली कटौती होती है। एक हफ्ते से लगातार यही स्थिति बनी हुई है। नागरिकों में बिजली कटौती से रोष बढ़ता जा रहा है।

वहीं राजधानी के कई वार्डों में बिजली कटौती की वजह से पानी भी कम मिल रहा है।


अन्य पोस्ट