रायपुर

चचेरे भाई ने चलाया चाकू, बेटे को बचाते महिला जख्मी
14-Apr-2022 5:16 PM
चचेरे भाई ने चलाया चाकू, बेटे को बचाते महिला जख्मी

सिविल लाइंस थाने का मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 अप्रैल।
पारिवारिक विवाद के चलते एक शख्स ने अपने ही चचेरे भाई पर चाकू चला दिया। चाकू मारने के दौरान बीच बचाव करते चचेरे मां बुरी तरह से जख्मी हो गई। गंभीर चोट आने के बाद घर वालों ने बुजुर्ग को अस्पताल भर्ती कराया। हमला करने वाले शख्स का नाम करण कोडवानी है। दुर्ग मंदिर कटोरा तालाब के पास रहने वाले महेश कोडवानी के यहां जाकर आरोपी करण ने शाम के वक्त हंगामा किया। पुलिस का कहना है करण और महेश के बीच संबंध अच्छे नहीं है। उनके बीच फिर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। महेश जब शाम को अपना काम खत्म कर घर आया हुआ था उसी वक्त करण भी घर आ धमका। वह अपने साथ धारदार चाकू लेकर पहुंचा था। करण गाली गलौज करने लगा। जब महेश कमरे से बाहर आया तब उस पर चाकू चला दिया। महेश ने किसी तरह से खुद को हमले से बचाया, इसी दौरान घर में मौजूद महेश की मां डॉली बीच बचाव करने आ गई। पुलिस ने बताया, आरोपी लगातार हमले की कोशिश करता रहा जिससे बीच बचाव करने पहुंची महेश की मां आरोपी के घेरे में आ गई। चाकू के हमले से महिला को गंभीर चोंटे आई, इसके बाद प्रार्थी ने थाना आकर सूचना दर्ज कराई। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने उसके खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है आरोपी करण कोडवानी भी चाकूबाजी की घटना में घायल हुआ है। महेश का बयान लेने पर पता चला है जब डॉली को गंभीर चोंटे आई तब करण ने खुद के गले में चाकू चलाकर खुद को जख्मी करने का प्रयास किया।
 


अन्य पोस्ट