रायपुर

सिंहदेव का केंद्र पर हमला, बोले- चुनावों से पहले तेल के दाम स्थिर रखने और बाद में बढ़ाने का खेल खत्म हो
06-Apr-2022 6:06 PM
सिंहदेव का केंद्र पर हमला, बोले- चुनावों से पहले तेल के दाम स्थिर रखने और बाद में बढ़ाने का खेल खत्म हो

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर बिफरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अप्रैल। प्रदेश के जीएसटी मंत्री टीएस सिंहदेव ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि  चुनाव के समय राजनीतिक लाभ लेने के लिए केन्द्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में परिवर्तन नहीं करती, और चुनाव के ठीक बाद कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी होती है. लेकिन कुछ सालों से यह सिलसिला लगातार जारी है।इस पर रोक लगनी चाहिए। सिंहदेव खैरागढ़ उपचुनाव में प्रचार के लिए दो दिवसीय दौरे पर जाने से पहले अपने बंगले में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि सालों पहले केन्द्र सरकार के स्तर पर यह निर्णय हुआ था कि कच्चे तेल की कीमत के आधार पेट्रोल डीजल की कीमतें निर्धारित की जाएगी। यदि कच्चे तेल की कीमत बढ़ती है, तो पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ेंगे और कीमतों में कमी आती है, तो पेट्रोल-डीजल के दाम भी घटेंगे सिंहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार इस नीति से खिलवाड़ कर रही है। केन्द्र सरकार को चाहिए कि कच्चे तेल के दाम घटे तो पेट्रोल-डीजल के दामों में भी कमी की जानी चाहिए, कच्चे तेल के दाम बढ़े तो कीमतों में बढ़ोत्तरी की जानी चाहिए। एक अंतराल के बाद में पेट्रोल की कीमत बढ़ती-घटती थी।


अन्य पोस्ट