रायपुर

राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष सैयद शहजादी दौरे पर
15-Mar-2022 4:50 PM
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष  सैयद शहजादी दौरे पर

बैठक में पूछा-अल्पसंख्यकों को टर्म लोन, और बच्चों को शैक्षणिक लोन कितना दिया गया, अफसर बगलें झांकते रहे

रायपुर, 15 मार्च।  राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की कार्यवाहक अध्यक्ष सुश्री  सैयद शहजादी ने न्यू सर्किट हाउस में अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम के संबंध में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अफसरों से पूछा कि  अल्पसंख्यकों को कितना टर्म लोन और बच्चों को शैक्षणिक लोन अब तक कितना दिया गया। इस पर अफसर सही जवाब नहीं दे पाए। शहजादी ने एकीकृत बाल विकास सेवाओं की समुचित उपलब्धता, विद्यालय शिक्षा की उपलब्धता को सुधारना, उर्दू शिक्षण के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध कराना, मदरसा शिक्षा का आधुनिकीकरण करना, अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति, मौलाना आजाद शिक्षा प्रतिष्ठान के माध्यम से शैक्षिक अवसरों को उन्नत करने के संबंध में चर्चा की।

इस दौरान उन्होंने राजा तालाब स्थित मदरसा का भी अवलोकन किया वहां उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों से बात की तथा मदरसा में साफ-सफाई और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर स्थित मदरसा बोर्ड के कार्यालय का भी भ्रमण किया। बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। इस अवसर पर पुलिस विभाग, शिक्षा, महिला एवं बान विकास, आदिम जाति विकास, अंत्यावसायी वित्त एवं विकास निगम सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट