रायपुर
रायपुर, 12 मार्च। कोरबा के बांगों थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे के पास एक सडक़ दुर्घटना में रायपुर के दो ठेकेदार और उनके एक साथी की मौत होने की जानकारी सामने आई है। एनएच से जाते वक्त उनकी कार एक भारी भरकम ट्रक से टकरा गई। इसके बाद दर्दनाक हादसे में दो लोगों की स्पाट पर मौत हो गई जबकि तीसरे साथी को अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कार सवार मृतकों में श्रीराम नगर रायपुर के निवासी पंकज झा, रमेश सिंह उदयपुर और बुद्धिमान झा रायपुर सवार थे। बताया गया है यह हादसा सुबह चार बजे के बाद हुआ।
अंधेरा छंटने के बाद में लोगों की नजर पड़ी। जिसके बाद कार सवार लोगों की पहचान हो पाई। कार और ट्रक में आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत होने से कार के इंजन और बोनेट के हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार दो लोग इसकी चपेट में आ गए। शरीर स्टेयरिंग की तरफ दब गया।