रायपुर

प्रदेश में 6 से 12 मार्च तक मनाया जाएगा विश्व ग्लॉकोमा सप्ताह
05-Mar-2022 7:54 PM
प्रदेश में 6 से 12 मार्च तक मनाया जाएगा विश्व ग्लॉकोमा सप्ताह

पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में निःशुल्क आंखों की जांच, लोगों को जागरूक करने कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे

रायपुर, 5 मार्च। लोगों को ग्लॉकोमा के बारे में जागरूक करने प्रदेश में  6 से 12 मार्च तक विश्व ग्लॉकोमा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की आंखों की जांच की जाएगी। चश्मा की जरूरत वाले लोगों को निःशुल्क चश्मा भी प्रदान किया जाएगा। लोगों को इस बीमारी के बारे में जागरूक करने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और सामुदायिक भवनों में संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।

क्या है ग्लॉकोमा

आंखों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव की वजह से यह बीमारी होती है। यह ऐसी बीमारी है जिसमें आंख के अंदर के पानी का दबाव धीरे-धीरे बढ़ जाता है और आँख की नस सूखने लगती है। इससे देखने में परेशानी होने लगती है या दिखना बंद भी हो सकता है। यह स्थिति बहुत खतरनाक है क्योंकि नस सूखने से होने वाली दृष्टिहीनता का कोई इलाज संभव नहीं है। 

ग्लॉकोमा के लक्षण

सिर में, खासतौर से शाम को दर्द रहना, दृष्टि का दायरा सिकुड़ना यानि सीधा देखते हुए अगल-बगल की चीजों का दिखाई न पड़ना, पढ़ने के चश्मा का नंबर जल्दी-जल्दी बढ़ना, प्रकाश के इर्द-गिर्द प्रभामंडल दिखना, पार्श्व दृष्टि खो देना और लाल आंखें ग्लॉकोमा के लक्षण हैं।

*


अन्य पोस्ट