रायपुर
एक कुत्ते की कीमत एक लाख पार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च। प्रदेश में पुलिस विभाग के लिए खोजी कुत्तों की किल्लत अब दूर हो गई है। बेल्जियम नस्ल के तीन साल पहले खरीदारी करने के बाद खूंखार-फुर्तीले कुत्तों की संख्या अब तेजी से बढ़ रही है कि जिलों में बारी-बारी से तैनाती चल रही है। बेल्जियम नस्ल के आने के बाद पुलिस विभाग को इसका बहुत फायदा हुआ है जब इनकी संख्या 20 से अब 60 हो गई है।
बेल्जियम नस्ल के खोजी कुत्तों का ब्रीडिंग कराए जाने के बाद इनकी संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है कि डॉग सेंटर में अब परमानेंट ब्रीडिंग सेंटर रखने विभाग ने फैसला किया है। एक करीबी के बताए अनुसार, अभी ब्रीडिंग के बाद से नए शावकों को ट्रेंड किया जा रहा है। इनकी संख्या 15 से ज्यादा है। पुलिस विभाग के लिए खासतौर पर नक्सल क्षेत्र में खोजी कुत्तों की पांच साल पहले बहुत समस्या रहती थी। लेबराडोर और देसी नस्ल के मोंगरेल से काम चलाना पड़ता था। जर्मन शेफर्ड और डॉबरमेन नस्ल के खोजी कुत्ते सीमित संख्या में लाए जाते थे। उम्र बढऩे और कमजोर हो जाने से इनकी जगह रिप्लेसमेंट के लिए तत्काल में व्यवस्था बहुत मुश्किल से होता था। लेकिन इसके बाद बेल्जियम शेफर्ड खरीदे जाने के फैसले के बाद विभाग को बहुत बड़ा फायदा हुआ।
डॉग स्पेशलिस्ट बताते हैं लेबराडोर के बजाए बेल्जियम कुत्ते बहुत फुर्तीले होते हैं। इनके गंध सुंघने की क्षमता भी बहुत अधिक होती है। हल्के वजन के होने के कारण में उन्हें दूर-दूर तक साथ ले जाने पर भी थकान महसूस नहीं करते, इसलिए यह विभाग के लिए बहुत उपयोगी साबित हुए हैं। अभी लगभग सभी िजला मुख्यालयों में बेल्जियम शेफर्ड नस्ल के कुत्तों की पोस्टिंग कर दी गई है। प्रदेश में लगभग सभी जिलों में डिमांड के हिसाब से तीन से पांच खोजी कुत्तों की पोस्टिंग की है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे बड़े शहरों में काम ज्यादा होने के कारण यहां इनकी संख्या ज्यादा है। रायपुर में वीआईपी ड्यूटी और फिर ला एंड आर्डर के लिए खोजी कुत्तों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है।
विभाग में रैंक देने का सिस्टम खत्म
डॉग स्क्वाड में अब खोजी कुत्तों के लिए रैंक देने का सिस्टम खत्म कर दिया गया है। पहले डॉग के परफामेेंस के आधार पर उन्हें इंस्पेक्टर से डीएसपी तक का रैंक दिया जाता था। राज्य निर्माण के कई साल बाद विभाग में रैंक देने का सिस्टम खत्म करने का फैसला लिया गया।
फोर्स के लिए उपयोगी बेल्जियम शेफर्ड नस्ल के कुत्तों की कीमत एक लाख या फिर इससे कहीं ज्यादा है। तीन साल पहले पीएचक्यू की तरफ से 20 कुत्ते खरीदे गए थे। विदेशी नस्ल के इन कुत्तों को स्पेशल ट्रेनिंग देने के बाद ब्रीडिंग कराने का फैसला लिया गया। मिलेट्री, रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बेल्जियम शेफर्ड का इस्तेमाल उपयोगी है।
ब्रीडिंग से फायदा
विभाग में ब्रीडिंग लगातार होने से बेल्जियम शेफर्ड डॉग की तादाद में अच्छा इजाफा हुआ है। पहले 20 कुत्ते खरीदे थे जिनकी संख्या 60 पहुंच चुकी है। जिलों में खोजी कुत्तों की पर्याप्त संख्या होने से फोर्स को फायदा मिल रहा।
- सुरेश सिंह,
प्लाटून कमांडर, डॉग स्क्वाड सेंटर-भिलाई