रायपुर
दिव्यांग कल्याण के उल्लेखनीय कामों के लिए पुरस्कृत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च। समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के माना कैम्प स्थित संचालनालय परिसर में 4 मार्च को दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार 2021 का वितरण समारोह आयोजित किया गया। समोराह में समाज कल्याण मंत्री अनिला भेडिय़ा द्वारा 8 व्यक्तियों और संस्थाओं को दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 2 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त संस्थाओं और दिव्यांगता, समाज सेवा एवं विशेष उपलब्धियों वाले 5 व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा भी उपस्थित थे।
इन्हें मिला दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार
तेजराम साहू- सर्वश्रेष्ठ दृष्टि बाधित कर्मचारी की श्रेणी में बालोद जिला के दियाबाती गांव के निवासी तेजराम साहू को उनके विशिष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। साहू जन्म से ही दृष्टि बाधित है। वे एमए हिन्दी डीएड उत्तीर्ण होने के साथ ही गायन में सगीत विशारद हैं।
अरविंद शर्मा- सर्वश्रेष्ठ दृष्टि बाधित कर्मचारी की श्रेणी में धमतरी जिले के सोरिद नगर निवासी श्री अरविंद शर्मा को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री शर्मा जन्म से दृष्टि बाधित हैं। उन्होंने एमएमसी, एनएबी, आईटी की परीक्षा उत्तीर्ण की। वे आवासीय विशेष प्रशिक्षण केन्द्र कचांदुर जिला बालोद में 2013 से दृष्टि बाधित विद्यार्थियों को कम्म्यूटर की तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
सौरभ कुमार पांडेय- रायपुर के डंगनिया निवासी सौरभ कुमार पांडेय को उनकी कार्य कुशलता और कर्तव्य निष्ठा के लिए सर्वश्रेष्ठ श्रवण बाधित कर्मचारी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
रामेश्वर प्रसाद साहू- रायपुर जिले की गुढिय़ारी निवासी रामेश्वर प्रसाद साहू 80 प्रतिशत अस्थि बाधित हैं। उन्हें उनकी कार्य निष्ठा और लगनशीलता के लिए सर्वश्रेष्ठ अस्थि बाधित कर्मचारी का पुरस्कार दिया गया है। वे डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर में दवाई वितरण केन्द्र में 2015 से डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने डीसीए, बीए और अंग्रेजी, हिन्दी भाषा में टाईपिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
खेमराज जन कल्याण सेवा समिति- सर्वश्रेष्ठ अस्थि बाधित नियोक्ता की श्रेणी में बालोद जिले के प?कीभाट की खेमराज जन कल्याण सेवा समिति को दिव्यांगजन के लिए किए जा रहे अनुकरणीय कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया। समिति द्वारा दिव्यांग पुरूष और महिलाओं को स्व-रोजगार प्रशिक्षण प्रदान कर स्वावलम्बी बनाया जा रहा है।
फॉर्चून फाउण्डेशन समाजसेवी संस्था - महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित फॉर्चून फाउण्डेशन समाजसेवी संस्था को सर्वश्रेष्ठ दृष्टि बाधित संस्था हेतु पुरस्कृत किया गया है। संस्था द्वारा 2013-14 से दृष्टि बाधित दिव्यांगों के शैक्षणिक विकास और उनके समग्र पुनर्वास का काम किया जा रहा है।
प्रेमधारा चेरीटेबल सोसायटी-(नव जीवन मूब बधिर विद्यालय)- जांजगीर-चांप जिले के प्रेमधारा चेरिटेबल सोसायटी को सर्वश्रेष्ठ श्रवण बाधित संस्था का पुरस्कार दिया गया है। संस्था द्वारा वर्ष 2018 से श्रवण बाधितार्थ विशेष विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा जिला- दिव्यांजनों को पुनर्वास सेवांए प्रदान करने के लिए जांजगीर-चांपा को सर्वश्रेष्ठ जिला का राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। जिले में दिव्यांग व्यक्तियों के पुनर्वास के अनुकूल वातावरण निर्मित किया गया है।