रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी। देवेन्द्र नगर सिंधी कॉलेज के नए नामकरण का विवाद का पटाक्षेप हो गया है। उत्तर विधायक कुलदीप जुनेजा ने इस मुद्दे पर सिंधी समाज के वरिष्ठ लोगों से चर्चा की है। इनमें शदाणी दरबार के संत युधिष्ठिर लाल, सतीश छुगानी, और चेम्बर अमर पारवानी भी शामिल हैं। जुनेजा का कहना है कि कॉलेज के नामकरण का प्रस्ताव जन भागीदारी समिति ने किया था। वे कॉलेज की पहचान बनाए रखने के पक्षधर हैं। और समाज के साथ खड़े हैं। इधर संत युधिष्ठिर लाल ने भी समाज के लोगों से आगे आंदोलन न करने आग्रह किया है। बता दें कि कॉलेज का नाम पूर्व महापौर स्व. बलवीर जुनेजा की स्मृति में करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था। स्व. बलवीर विधायक जुनेजा के बड़े भाई थे। इस प्रस्ताव की खबर लगते ही सिंधी समाज ने पिछले सप्ताह बैठक कर बड़ा विरोध जताया था। समाज के युवाओं ने विधायक जुनेजा का पुतला भी फंूका था। इसके साथ ही समाज ने कॉलेज का संत सदाराम की स्मृति में करने का प्रस्ताव दिया था।