रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी । राजधानी के तहसील दफ्तर में अब किसी काम के लिए लेने देन नहीं हो पाएगा।ऐसा रायगढ़ जिले में चल रहे वकील और तहसीलदार के बीच विवाद से सीख लेकर किया जाना बताया जा रहा है।
अपने कार्यालय को भ्रष्टाचार से मुक्त रखने रायपुर तहसीलदार ने तहसील कार्यालय के बाहर एक नोटिस चस्पा किया है। इसमे लिखा गया है कि दफ्तर में जो भी कर्मचारी रिश्वत की मांग करे उसकी सूचना तत्काल मुझे वाट्सएप के जरिये सूचित कर सकते हैं।
हालांकि यह नोटिस काफी छोटी है और इस पर लोगों की नजर अभी नहीं पड़ रही है। यही कारण है कि तहसीलदार उक्त नोटिस के संबंध में फ्लैक्स या पेंट करवाने पर विचार कर रहे है। जिससे शरारती तत्व ऐसी नोटिस को फाड़ न दें।
तहसीलदार मनीष देव साहू ने मीडिया को बताया कि नोटिस चस्पा करने के बाद अब तक तो रिश्वत की कोई शिकायत उनके पास नहीं पहुंची है। यदि शिकायत पहुंचती है तो वे नियमों के तहत जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे। हालांकि एक शिकायत उन्हें ट्रेन में टीटीई के 200 रुपए की रिश्ववत लेने की पहुंची।