रायपुर

पुरन्देश्वरी बस्तर पहुंची, राजधानी के नेता दूर
19-Feb-2022 5:15 PM
पुरन्देश्वरी बस्तर पहुंची, राजधानी के नेता दूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर/ जगदलपुर, 19 फरवरी। प्रदेश भाजपा प्रभारी डी पुरन्देश्वरी शनिवार को 5 दिनी दौरे पर जगदलपुर पहुंची। वे एयरपोर्ट से सीधे दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो गई। पुरन्देश्वरी के स्वागत के लिए रायपुर संभाग से सिर्फ महामंत्री शिवरतन शर्मा ही पहुंचे थे।

जगदलपुर एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद पुरन्देश्वरी दंतेवाड़ा के लिए रवाना हो गई। दंतेवाड़ा में जिला पदाधिकारियों की बैठक है। इस बैठक में शिवरतन शर्मा ही मौजूद रहेंगे। जबकि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पुरन्देश्वरी के बस्तर प्रवास से दूर रहेंगे।

पुरन्देश्वरी दंतेवाड़ा में जिले के पदाधिकारियों से रूबरू होंगी। साथ ही साथ बीजापुर और सुकमा के नेताओं को भी बुलाया गया है। पुरन्देश्वरी बस्तर में पार्टी की कमजोरी को दूर करने के लिए स्थानीय नेताओं से सुझाव लेंगी। बस्तर में वर्ष 2008 के बाद से पार्टी का जनाधार लगातार गिरा है। वो प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी और भूपेश सरकार को  घेरने लायक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगी।

प्रदेश प्रभारी कोंडागांव आएंगी और शनिवार को रात्रि विश्राम करेंगी। कोंडागांव के बाद कांकेर जिले के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी। इसके बाद वे रायपुर आएंगी और दो दिन यहां रहकर पार्टी की बैठक में शामिल होंगी।

पुराने नेता दरकिनार  किए जा रहे- बघेल

पुरंदेश्वरी के दौरे पर सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के सदमे से उबर गईं लगता है अब फिर से आई हैं और हंटर-वंंटर चलाएं तो ठीक रहेगा। बड़े नेताओं को  जगदलपुर नहीं बुलाए जाने पर बोले कि बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा नया नेतृत्व खोज रही है। पुराने जो लोग हैं उनको दरकिनार करना चाहते हैं।  जो इतने सालों तक रहे हैं उनके साथ। इस तरीके का अपमान उनके पार्टी के द्वारा किया जा रहा है। यह तो बहुत चिंतनीय है।


अन्य पोस्ट