रायपुर
शदाणी दरबार से जुड़े लोगों ने चलाया अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। देवेंद्र नगर सिंधी कॉलेज के नामकरण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कॉलेज का नामकरण दिवंगत पूर्व महापौर बलबीर जुनेजा पर करने के प्रस्ताव के खिलाफ सिंधी समाज के प्रमुख लोगों ने नई मुहिम चलाई है। उन्होंने कॉलेज का नामकरण संत गोविंदराम शदाणी के नाम पर करने की मांग की है।
देवेंद्र नगर कॉलेज का पिछली सरकार में सरकारीकरण हुआ था। तब भी इसका विरोध हुआ था। अब जब कॉलेज की जनभागीदारी समिति ने कॉलेज का नामकरण पूर्व महापौर बलबीर जुनेजा के नाम पर करने की अनुशंसा की है, तो इसका सिंधी समाज के कई लोग विरोध कर रहे हैं। रविवार को पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी की अगुवाई में सिंधी पंचायत की बैठक भी हुई थी।
बैठक के बाद समाज के कुछ प्रमुख लोगों ने कॉलेज का नामकरण शदाणी दरबार के संस्थापक दिवंगत संत गोविंद राम के नाम पर करने की मांग की है। दरबार से जुड़े ललित जैसिंघ ने तर्क दिया है कि कॉलेज की स्थापना के लिए वर्ष 1978 में संत जी ने 2 लाख रुपये दान किए थे। ताकि यहां उच्च शिक्षा की स्थिति बेहतर हो सके। ऐसे में संत जी के नाम से ही कॉलेज को करना उचित होगा। इस मुहिम में कई और लोग जुड़ रहे हैं। जल्द ही इस सिलसिले में सिंधी पंचायत की बैठक होगी। इसमें आगे की रूप रेखा तैयार की जाएगी।