रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी। सरकारी विभाग में अलग-अलग पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। आरोप है अहिवारा कांग्रेस युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हुसैन रिजवी (हसन खान) पिता बाबा खान वार्ड नंबर 09 शांतिपारा भिलाई 03 चरौदा ने लोगों से ठगी की। नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर कइयों से मोटी रकम वसूल किए। गुरूवार को देवेंद्र नगर पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत अपराध दर्ज करने की पुष्टि की। पुलिस के बताए अनुसार आवेदक अनिल देवांगन सिा0 ग्राम सुपेला थाना भखारा जिला धमतरी ने हसन खान के खिलाफ में शिकार्य दर्ज कराई थी। हसन के द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर 9,95,000 रूपए वसूल किए गए। लवकुश देवांगन बोडेगांव थाना नंदिनी नगर अहिवारा, रवि सिन्हा ग्राम सेमरा,टेमन लाल साहू ग्राम गातापार भखारा, उमेश ध्रुव ग्राम भटगांव धमतरी से भी संपर्क करते हुए उन्हें भी झांसे में ले लिया। आरोपी हसन ने सभी को नौकरी लगाने के नाम पर रायपुर स्थित देवेन्द्र नगर के करसन चेम्बर कक्ष क्रमांक 204 जो कि युथ कंट्रक्शन एवं फाउंडेशन के नाम से स्थित है यहां बुलाकर पैसे वसूल किए।
पुलिस की जांच में मालूम हुआ है हसन ने, अनिल से आरक्षक की नौकरी के लिए दो लाख, लवकुश से लोक निर्माण विभाग भृत्य के लिये सवा लाख, रवि सिन्हा से लोक निर्माण विभाग में सहायक ग्रेड बनाने तीन लाख सत्तर हजार, उमेश से आरक्षक बनाने ढाई लाख, टेमन लाल से विधानसभा सहायक ग्रेड 3 के लिए साढ़े तीन लाख रुपये वसूल किए। महीनों गुजर जाने के बाद भी रकम देने वालों की नौकरी नहीं लगी। आरोपी हसन ने कई दिनों बाद संपर्क काट लिया। प्रार्थी के रकम वापसी की मांग करने पर पहले तो उसने मना कर दिया, बाद में पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर मारपीट करने की धमकी दी। देवेंद्र नगर टीआई ममता अली शर्मा ने बताया, आरोपी के लिए और भी शिकायतें है।
सिविल लाइन में भी दो हिरासत में
इधर सिविल लाइन पुलिस ने भी बुधवार को दो युवकों को हिरासत में ले रखा है। इन पर भी सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी के आरोप हैं। फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इनमें से एक आरोपी पहले भी ऐसे ही मामले में जेल जा चुका था।