रायपुर

भूमकाल दिवस पर आदिवासी जननायक गुंडाधुर को बघेल और उइके ने किया नमन
10-Feb-2022 3:34 PM
भूमकाल दिवस पर आदिवासी जननायक गुंडाधुर को बघेल और उइके ने किया नमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी ।
सीएम भूपेश बघेल ने भूमकाल स्मृति दिवस पर अमर शहीद आदिवासी जननायक गुंडाधुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अमर शहीद गुण्डाधुर को याद करते हुए कहा कि आजादी सेे पहले अंग्रेजों के अत्याचार के खिलाफ छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में भी विरोध का स्वर उठा। इस विरोध को बुलंद करने में आदिवासी जननायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। इन्हीं जननायकों में से एक अमर शहीद गुुंडाधुर के नेतृत्व में सन् 1910 में बस्तर में हुए भूमकाल विद्रोह में आदिवासियों ने जल, जंगल और जमीन के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ डटकर संघर्ष किया। आदिवासी चेतना के प्रतीक के रूप में शहीद गुंडाधुर जनमानस में हमेशा जीवित रहेंगेे। उनका बलिदान हमेशा आदिवासियों को शोषण के विरूद्ध आवाज बुलंद करने का साहस देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि अमर शहीद गुंडाधुर ने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आदिवासी जनमानस में जो अलख जगाई है, वह हमेशा जलती रहेगी। उनकी स्मृति में मनाया जाने वाला भूमकाल दिवस सदा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।


वीर गुंडाधुर समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे- राज्यपाल
राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने गुंडाधुर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासियों को तत्कालीन दमनकारी और शोषणकारी सत्ता के खिलाफ संगठित किया और वे अमर हो गए। उन्होंने समाज में अपनी कार्यों से जागरूकता लाई। वीर गुंडाधुर अदम्य साहस के प्रतीक हैं और वे सदा समाज को प्रगति की ओर प्रशस्त करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि भूमकाल विद्रोह इतना प्रबल था कि उसे कुचलने के लिए ब्रिटिश सरकार ने बड़ी संख्या में सैनिकों को भेजा जिनका बस्तर के आदिवासियों ने अपने पारंपरिक हथियारों से साहस के साथ सामना किया।


अन्य पोस्ट