रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 फरवरी। प्रदेश के मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन के चलते रात में ठंड कम हो रही है तो दिन में ठंड लगभग खत्म हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने आज शाम राज्य के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ है। इसके कई जगहों पर बारिश होगी।
प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा आ रहा है। इसके चलते राज्य में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। अभी राजस्थान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ वाले इलाके में एक विंड कॉन्फ्लिक्ट जोन बन रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में तीन और चार फरवरी को बरसात संभव है। रायपुर, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी और गरियाबंद जिले के उत्तरी हिस्सों में बूंदाबादी अथवा हल्की बरसात हो सकती है। इसका असर अधिक से अधिक कांकेर जिले तक होगा।
वहीं वर्षा का मुख्य क्षेत्र बिलासपुर और सरगुजा संभागों में केंद्रित होगा। यहां कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कमजोर होगा और बरसाती तंत्र ओडिशा की ओर आगे बढ़ जाएगा।