रायपुर
नाबालिग को छोडक़र दो साथी भेजे गए जेल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जनवरी। मुंबई से फरार होकर तेलीबांधा में पनाह लेने वाले शार्प शूटर शहबाज एक बड़ी वारदात की फिराक में था। उसने आर्थिक रूप से कमजोर एक महिला को गुमराह करते हुए चार हजार रुपये में मकान भाड़े पर लिए थे। मुंबई से ही बाद में एक नाबालिग के साथ दो और दोस्तों को बुला लिया। जांच में मालूम हुआ है मुंबई पुलिस के आने के पहले शहबाज ने शहर में कई हिस्सों पर रेकी की थी। खुद को कपड़ा सेल्समेन बताकर वह लोकल संपर्क बनाने में जुटा था। मालूम यह भी हुआ है देर रात तक शूटर और उसके साथ घर से निकलते थे। अंदेशा है शूटर शहबाज रूबाब उर्फ मुन्नी और उसके साथी मोहम्मद सैय्यद, चांद बादशाह शेख रायपुर शहर में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
आरोपी शहबाज ने मुंबई में हीरा कारोबार से लूटपाट और फायरिंग करने जैसी घटना रायपुर में दोहराने तैयारी की थी। यहां ज्यादातर फेरी सराफा बाजार की तरफ भी लेने की तैयारी में थे, हालांकि मुंबई पुलिस के तेलीबांधा क्षेत्र में धमक देने के साथ आरोपियों के मंसूबे पर पानी फिर गया। तेलीबांधा टीआई सोनल ग्वाला ने बताया, जिस मकान में आरोपियों ने पनाह ली थी, उसके मालिक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। मकान मालिक दो महिलाएं है। गरीब तबके की महिलाओं को गुमराह करते हुए आरोपियों ने चार से पांच हजार रुपये में मकान किराए पर देने राजी कर लिया था। जब आरोपियों के बारे में क्रिम्रल रिकार्ड सामने आया, तब महिलाएं भी दहशत में है। दोनों महिलाएं विधवा है। आर्थिक तंगी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उनसे मकान की चाबी हासिल की थी। चांद बादशाह शेख और मोहम्मद सैय्यद को तेलीबांधा पुलिस ने उनकी संदग्धि गविधियों को देखते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के साथ आरोपियों को जेल दाखिल कराया। मुंबई के कथित शूटर शहबाज की मदद करने के लिए दोनों आरोपी रायपुर आए थे। जिस तरह का रिकार्ड मुंबई पुलिस के पास है आरोपी रायपुर में बड़ी लूटपाट या फिर कोई दूसरे तरह के आर्थिक अपराध कर सकते थे। जिस बस्ती में इन्होंने मकान किराए पर लिया, कई बार देर रात स्पाट किए गए।
पिस्टल खोजने रायपुर पहुंची मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी शहबाज वसूली के मामले में कुख्यात अपराधी है। पहले भी उसके नाम से मुंबई के गोवंदी क्षेत्र में केस दर्ज हैं। हीरा कारोबारी पर फायरिंग करने के बाद आरोपी फरार हुआ था। मुंबई पुलिस को रायपुर में लीड मिलने के बाद यहां किराए के मकान में छापेमारी की, हालांकि शूटर शहबाज के पास से यहां वेपन्स नहीं मिले। मुंबई पुलिस की पूछताछ में आरोपी शहबाज ने मुंबई में ही किसी ठिकाने में पिस्टल रखने की बात कही। रायपुर में ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी के साथ मुंबई पुलिस लौट गई है।
मुंबई के कुख्यात शूटर ने अपने दो साथियों को रायपुर बुलाकर उन्हें मकान भाड़े पर दिलवाए थे। सभी की गतविधियां संदिग्ध थी। दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा।
- सोनल ग्वाला, टीआई तेलीबांधा