रायपुर

प्रदेश में बदलेगा मौसम, रविवार-सोमवार को बारिश के संकेत, बढ़ेगी ठंड
07-Jan-2022 6:11 PM
प्रदेश में बदलेगा मौसम, रविवार-सोमवार को बारिश के संकेत, बढ़ेगी ठंड

पीले घेरे वाले राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बढ़ेगी ठंड


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 जनवरी। इस साल की पहली बारिश, इसी सप्ताह  होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार  बारिश होने का कारण राजस्थान के ऊपर शुक्रवार को  बन रहे चक्रीय चक्रवाती घेरे  की वजह से होगा। वहीं प्रदेश में हवा की दिशा बदल गई है। मौसम विभाग आशंका जता रही है कि 9 और 10 जनवरी से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होगी। साथ ही कुछ क्षेत्र में ओलावृष्टि की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के विज्ञानी एचपी चंद्रा  ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 7 जनवरी को दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर, ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा बन रहा है। इस घेरे के पूर्व दिशा की ओर आगे बढऩे की संभावना जताई जा रही है। इसकी वजह से हवा की दिशा में परिवर्तन हो गया है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि की संभावना बन रही है।

9 जनवरी से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छीटें पडऩे की संभावना बन रही है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि भी संभावित है। यह बारिश पूर्वी मध्यप्रदेश और विदर्भ के भी इलाकों में हो सकती है।


अन्य पोस्ट