रायपुर

8067 रूपए प्रति बोरा की दर से बिका तेंदूपत्ता, राज्य को मिलेंगे 914 करोड़
05-Jan-2022 5:05 PM
8067 रूपए प्रति बोरा की दर से बिका तेंदूपत्ता, राज्य को मिलेंगे 914 करोड़

4 साल में सर्वाधिक कीमत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 जनवरी। बीते चार वर्षों की तुलना में छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता इस साल सर्वाधिक कीमत पर बिका। संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा की 68 प्रतिशत मात्रा का विक्रय औसत दर 8 हजार 067 रूपए प्रति मानक बोरा की दर से 914 करोड़ रूपए में किया गया।

इस वर्ष तेन्दूपत्ता की मांग अच्छी होने के कारण विक्रय दर में वृद्धि हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य की अच्छी गुणवत्ता के तेन्दूपत्ता को ध्यान में रखकर तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में सम्पूर्ण देश के 174 निविदाकारों ने प्रथम निविदा में भाग लिया।

वन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में वनोपज राजकीय व्यापार अंतर्विभागीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णयानुसार तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा के 68 प्रतिशत मात्रा का विक्रय 914 करोड़ रूपए में किया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन मनोज पिंगुआ, पीसीसीएफ राकेश चतुर्वेदी, एमडी राज्य लघु वनोपज संघ संजय शुक्ला,  सचिव वन प्रेम कुमार उपस्थित थे।

इससे पहले वर्ष 2019 से तेन्दूपत्ता संग्रहण दर 2500 रूपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रूपए प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है। राज्य में वर्ष 2022 में संग्रहित होने वाले 902 प्राथमिक बनापेज सहकारी समितियों के 954 लाटों की अधिसूचित मात्रा 16.72 लाख मानक बोरा तेन्दूपत्ता के अग्रिम विक्रय हेतु 7 दिसम्बर 2021 से 14 दिसम्बर 2021 तक प्रथम चक्र की ऑनलाइन निविदायें आमंत्रित की गई थी।


अन्य पोस्ट