रायगढ़

21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
15-Feb-2026 10:45 PM
21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 15 फरवरी। थाना चक्रधरनगर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 21 किलो गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिले सटीक इनपुट पर कल दोपहर बालसमुंद नाला के पास पहाड़ मंदिर रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की कार को रोका गया। वाहन से संदिग्ध गंध आने पर चालक से पूछताछ की गई, जिसने वाहन में गांजा होना स्वीकार किया।

वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से 20 पैकेट गांजा बरामद हुआ। विधिवत वजन कराने पर कुल 21.378 किलोग्राम मादक पदार्थ पाया गया। आरोपी की पहचान अजित सिंह पिता बाबा सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07 चांदमारी स्कूल के पीछे, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़  के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा खरीदकर रायगढ़ में खपाने ला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरण्डम पर 21.378 किलोग्राम गांजा (कीमती लगभग 2,00,000), कार (कीमती लगभग 8,00,000) तथा तस्करी में प्रयुक्त वन प्लस मोबाइल (कीमती 18,000) कुल जुमला 10,18,000 की संपत्ति जप्त की है। आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।


अन्य पोस्ट