रायगढ़

धान खरीदी केन्द्र पहुंचे हाथी
15-Feb-2026 10:44 PM
धान खरीदी केन्द्र पहुंचे हाथी

300 से अधिक बोरी धान खाया और फैलाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 15 फरवरी। जिले में बीती रात धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर तीन जंगली हाथियों ने तकरीबन 10 से अधिक धान की बोरियों को खाकर और फैलाकर नुकसान पहुंचाया है। मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला रायगढ़ वन मंडल का है।

जिला मुख्यालय से तकरीबन 12 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र एक बार फिर से तीन जंगली हाथी पहुंच गए। इस दौरान हाथियों ने यहां से दस से अधिक धान की बोरियों को खाया और फैलाया है। बताया जा रहा है कि रायगढ़ वन मंडल के पडिगांव परिसर में इन दिनों 31 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दल में से तीन जंगली हाथी बीती रात बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र पहुंचा था। साथ ही इन हाथियों ने एक किसान के सब्जी की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

300 से अधिक बोरी धान का नुकसान

गांव के ग्रामीणों ने बताया कि धान खरीदी की शुरूआत होने के बाद बीते 17 दिसंबर से बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र में जंगली हाथी पहुंच रहे हैं, और अब तक 327 से अधिक धान की बोरियों को हाथी ने खाकर और फैलाकर नुकसान पहुंचाया जा चुका है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हर साल धान खरीदी केन्द्र के समय हाथी यहां पहुंचकर नुकसान पहुंचाते हैं। जिसके बाद वन विभाग नुकसान का आंकलन करके भरपाई करता है।

जिले में 113 हाथियों की मौजूदगी

एक जानकारी के अनुसार इन दिनों रायगढ़ जिले के जंगलों में कुल 113 जंगली हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिसमें रायगढ़ वन मंडल में जहां 52 हाथी तो धरमजयगढ़ वन मंडल में 62 हाथियों की मौजूदगी है। हाथियों के इस दल में 26 नर, 57 मादा के अलावा 30 शावक शामिल है।


अन्य पोस्ट