रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 फरवरी। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के बोरो, संगरा और लालमाटी इलाके में अवैध कोयला उत्खनन की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को पुलिस, वन विभाग और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान नाले के किनारे और आसपास के स्थानों पर अवैध उत्खनन के निशान पाए गए। अधिकारियों को मौके पर कोयले के भंडारण के प्रमाण भी मिले, जिससे यह संकेत मिलता है कि यहां कुछ समय से अवैध गतिविधियां चल रही थीं।
जांच टीम के पहुंचने से पहले एक जेसीबी मशीन को मौके से हटा लिया गया था। अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि मशीन किसकी थी और उसे किसने हटाया।
हालांकि तलाशी के दौरान प्रशासनिक दल ने इलाके से एक चेन माउंटेड मशीन बरामद की, जिसका उपयोग अवैध उत्खनन में किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मशीन को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय से क्षेत्र में भारी मशीनों की आवाजाही देखी जा रही थी। कई बार इस संबंध में मौखिक शिकायतें भी की गई थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध उत्खनन में कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


