रायगढ़

बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र रोजाना पहुंच रहे हाथी
29-Dec-2025 10:45 PM
बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र रोजाना पहुंच रहे हाथी

अब तक कई बोरियां धान खाया और फैलाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 दिसंबर।
रायगढ़ जिले में पिछले सप्ताह भर से अधिक समय से शाम ढलते ही जंगलों से निकलकर कुछ हाथी धान खरीदी केन्द्र तक पहुंचने लगे हैं। हाथियों ने अब तक कई बोरियां धान खाया, फैलाया और कुछ बोरियां धान जंगल की तरफ ले जा चुके हैं।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र में शाम ढलते ही पिछले सप्ताह भर से अधिक समय से जंगलों से निकलकर कभी एक तो कभी तीन हाथी धान खरीदी केन्द्र तक पहुंच रहे हैं। अब तक हाथियों ने यह कई बोरियां धान खाया, फैलाया और कई बोरियां धान जंगल की तरफ ले जाकर नुकसान पहुंचा चुके हैं। आलम यह है कि हाथी देखने आसपास गांव के ग्रामीणों के अलावा अब शहरवासी भी शाम होते ही बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र हाथी देखने पहुंचने लगे हैं।
इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रहती है, जो हाथी को जंगल तरफ खदेडऩे प्रयासरत रहती है।
लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही बरतते हुए हाथियों का फोटो और वीडियो लेने हाथी के काफी करीब तक पहुंच रहे है, जिससे कभी भी इस क्षेत्र में अनहोनी घटना की आशंका भी बनी हुई है। शनिवार की शाम भी दो हाथी बंगुरसिया धान खरीदी केन्द्र पहुंचे थे, इस दौरान भी गांव के लोगों को हाथी के करीब जाते हुए देखा गया।
इस मामले में रायगढ़ वन मंडल के एसडीओ मनमोहन मिश्रा ने बताया कि बंगुरसिया में जब से मंडी का काम काज शुरू हुआ है तब से वहां हाथियों का आना जाना शुरू हो चुका है। एक दंतैल हाथी लगातार मंडी में पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहा है। कभी कभार ऐसा भी हो रहा है शाम 7 बजे ही हाथी वहां पहुंच जा रहा है। वन विभाग की टीम के अलावा धान खरीदी के स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहते हैं। सब मिलकर हाथी को भगाते हैं।


अन्य पोस्ट