रायगढ़
रायगढ़, 20 दिसंबर। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को सुंदर बनाने का अभियान जारी है। निगम द्वारा किए जा रहे ये सौंदर्यीकरण कार्य अब शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। चक्रपथ, रेल ओवर ब्रिज एवं केलो पुल के कायाकल्प ने न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाई है, बल्कि रायगढ़ की पहचान को एक नया आयाम भी दिया है।
सांस्कृतिक झलक और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था इन प्रमुख स्थलों पर आकर्षक रंग-रोगन, भित्ति चित्र और स्थानीय संस्कृति को दर्शाती कलाकृतियां उकेरी गई हैं। सुव्यवस्थित लाइटिंग के कारण ये स्थान दिन के साथ-साथ रात में भी अत्यंत मनोहारी दिखाई देते हैं। विशेष रूप से केलो पुल पर की गई कलाकारी और लाइटिंग लोगों को रुककर तस्वीरें लेने पर मजबूर कर रही है।
चक्रपथ की बाउंड्रीवॉल पर भारतीय नृत्य की विभिन्न मुद्राओं को दर्शाती रंग-बिरंगी कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। यह स्थान युवाओं के बीच एक लोकप्रिय ‘सेल्फी पॉइंट’ के रूप में उभरा है। इसी तरह, निगम कार्यालय से लेकर गोगा राइस मिल आरओबी क्षेत्र तक की दीवारों पर की गई चित्रकारी आंखों को सुकून देने वाला अनुभव प्रदान करती है।
सौंदर्यीकरण के इस कार्य में केवल कला ही नहीं, बल्कि सामाजिक संदेश भी समाहित हैं। दीवारों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। शहरवासियों ने इन कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे बाहरी आगंतुकों पर शहर का सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और नागरिकों में अपने शहर के प्रति गर्व की भावना बढ़ती है।
नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौैराहों और सार्वजनिक स्थलों का भी इसी तर्ज पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इन कलाकृतियों और सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखने तथा शहर की स्वच्छता बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।


