रायगढ़

छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियां भी जरूरी है-महापौर
20-Dec-2025 7:49 PM
छात्रों के लिए पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियां भी जरूरी है-महापौर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 दिसम्बर। सवालों के बीच महापौर मीनल चौबे ने माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक स्कूल के बच्चों से जाना कि साल भर में वे नियमित पढ़ाई के अलावा और कौन-कौन सी गतिविधियों में शामिल रहते हैं और स्कूल की ओर से किस प्रकार के आयोजन किये जाते हैं। ऐसे लगभग 20 सवाल उन्होंने छात्रों से अलग-अलग या समूह में पूछकर जाना। मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशित जिन स्कूलों का सामाजिक अंकेक्षण किया जाना है उसमें सप्रे स्कूल का नाम भी शामिल हैं।शाला की ग्रेडिंग के लिए इस प्रकार का अंकेक्षण किया जाता है।

महापौर श्रीमती चौबे व उनकी टीम इसीलिए स्कूल पहुंची थी। इस अवसर पर उन्होने राष्ट्रीय खेलों में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि यह स्कूल ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव की बात है। स्कूल के विकास के लिए उन्होने अपनी ओर से कुछ सुझाव भी शाला विकास समिति के समक्ष रखे।

इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष हरख मालू, पार्षद मुरली शर्मा, प्राचार्य डा. अनुपमा श्रीवास्तव, शाला विकास समिति के सदस्य संतोष सोनी व प्रमीत नियोगी भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट