रायगढ़

मंडी में धान लाने के दौरान हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जनवरी। शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। इस घटना में ट्रैक्टर में सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य को गंभीर चोट आई है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। उक्त घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम चिंगारी निवासी मंगल सिंह सिदार शुक्रवार की सुबह दो अन्य साथियों के साथ अमित लाल सिदार की ट्रैक्टर ट्रॉली में धान लोड करके उसे बेचने मंडी जा रहे थे, जब वे बनेकेला और बेराबहार के पास पहुंचे ही थे कि अचानक उनकी ट्रैक्टर का संतुलन बिगडा और फिर ट्रैक्टर ट्रॉली लहराते हुए सडक़ किनारे पलट गई। इस घटना में ट्रैक्टर सवार किसान मंगल सिंह सिदार की दबने से मौत हो गई एक अन्य सोभन को गंभीर रूप से चोट आई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची लैलूंगा पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए घायल को लैलूंगा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से ट्रैक्टर चला रहा अमित लाल सिदार फरार हो गई। पुलिस उसके खिलाफ मामला दर्ज करके हुए उसकी पतासाजी में जुट गई है।