रायगढ़

रायगढ़ सहित पांच जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट
18-Jun-2023 10:12 PM
रायगढ़ सहित पांच जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट

21 को मानसून दे सकती है दस्तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18  जून। छत्तीसगढ़ में इन दिनों सूरज की रौद्र रूप देखने का मिल रही है। स्थिति ये है कि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां रात और दिन दोनों समय तापमान में बढ़ोत्तरी की अलर्ट जारी की गई है।

मौसम विभाग द्वारा आगामी 2 दिनों के लिए रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बिलासपुर, मुंगेली, रायपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और महासमुंद जिले में भीषण लू चलने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शुक्रवार की सुबह से तेज गर्मी

छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में सुबह से तेज गर्मी पड़ रही है। दिन में जितनी गर्मी का एहसास हो रहा है। रातें भी उतनी ही गर्म है। रात में भी न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार है। रायगढ़ में रात का तापमान 31.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह राजधानी रायपुर की रातें भी 30.8 डिग्री तापमान के साथ काफी गर्म रही। जांजगीर और मुंगेली में 29.9 डिग्री और कोरिया में 29.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

21 जून को मानसून पहुंचने की उम्मीद

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में 19 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। आने वाले तीन दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है लेकिन अब मानसून  के आगे बढऩे की परिस्थितियां अनुकुल है इसलिए उम्मीद की जा रही है कि 21 जून तक मानसून की छत्तीसगढ़ में बस्तर के रास्ते से एंट्री हो जाएगी और 24 जून तक रायपुर पहुंचने की संभावना है।


अन्य पोस्ट