रायगढ़

राष्ट्रीय शालेय शतरंज स्पर्धा में रायगढ़ की जेश केशरवानी को स्वर्ण
11-Jun-2023 3:23 PM
राष्ट्रीय शालेय शतरंज स्पर्धा में रायगढ़ की जेश केशरवानी को स्वर्ण

26 राज्यों के 124 खिलाडिय़ों ने दिखाए जौहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 11 जून। छत्तीसगढ़ के खरसिया (रायगढ़) की प्रतिभावान शतरंज खिलाड़ी जेश केशरवानी ने नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय शालेय शतरंज स्पर्धा में छत्तीसगढ़ टीम की बालिका वर्ग (आयु समूह 19) में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रोशन किया है।

प्रदेश शतरंज संघ के सचिव हेमंत खूंटे ने बताया कि यह प्रतियोगिता कुल 6 चक्रों में हुई, जिसमें 26 राज्यों से 124 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। जेश ने 6 चक्रों में खेली गई इस स्पर्धा में 5 अंक अर्जित कर चौथे बोर्ड पर गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने बिहार, पांडिचेरी, दादर नागर हवेली, दिल्ली व केरल राज्य के खिलाडिय़ों को शिकस्त दी।

जेश ने केरल की शतरंज खिलाड़ी स्वरूपा ईटी (1442) को हराकर स्पर्धा में सनसनी फैला दी थी। इस स्पर्धा में गुजरात की जैन आशिता (1438) से मिली पहली हार के बाद भी जेश ने अपना मनोबल नहीं गिरने दिया। उन्होंने दूसरे चक्र से ही ठान लिया और ऐलान कर दिया था कि बोर्ड प्राइज से नीचे उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं और इसी आत्मविश्वास के चलते लगातार अपना विजय क्रम जारी रखते हुए न सिर्फ अपनी श्रेष्ठता साबित की बल्कि लोगों को अपने अद्भुत प्रदर्शन से चकित कर दिया।

प्रदेश की टीम में हिमानी देवांगन भिलाई (कैप्टन), जेश केशरवानी (खरसिया रायगढ़) संजीता साहू (महासमुंद) व दीक्षा पटेल (कोरबा) शामिल थीं। टीम की कोच राजेश्वरी ध्रुवंशी महासमुंद थीं।


अन्य पोस्ट