रायगढ़

चक्रपथ की बढ़ेगी ऊंचाई, रेलवे ने दी एनओसी
03-Mar-2023 2:37 PM
चक्रपथ की बढ़ेगी ऊंचाई, रेलवे ने दी एनओसी

 कलेक्टर सिन्हा की पहल रंग लाई, बाढ़ में नहीं डूबेगी चक्रपथ की सडक़   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 मार्च।
लंबे समय से चक्रपथ की सडक़ की ऊंचाई बढ़ाने की जद्दोजहद को आखिरकार सफलता मिल गई है और इसमें जिले के कलेक्टर तारण सिंहा की पहल रंग ला रही है। जानकारी के अनुसार अब हमेशा बाढ़ के समय पानी में डूबने वाली चक्रपथ की सडक़ का यातायात ठप्प हो जाता था लेकिन जल्द ही शहर की जनता को इससे निजात मिलने वाली है।

चक्रपथ की सडक़ जो शहर से कलेक्टर, न्यायालय के साथ-साथ चक्रधर नगर के बड़े इलाके को जोड़ती है उसमें बाढ़ के समय पानी कई दिनों तक लबालब भरे रहने से यातायात ठप्प हो जाता था। बाढ़ के पानी से चक्रपथ की सडक़ पर यातायात ठप्प हो जाने से रेलवे फाटक में जाम लगा रहता था वहीं शनिमंदिर की तरफ निकलने वाली मरीन ड्राईव में भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता था। इसको लेकर पूर्व के तीन कलेक्टरों ने कई बार पहल की जिसमें चक्रपथ की उंचाई नही बढ़ सकी और इसमें सबसे अधिक अडंगा रेल विभाग द्वारा लगाया जा रहा था। 
बताया जा रहा है कि रेल विभाग की अनापत्ति नही मिलने से सडक़ की उंचाई का मामला अधर में लटक गया था। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रायगढ़ कलेक्टर का पद्भार ग्रहण करते हुए तारण सिंहा ने चक्रपथ की सडक़ की उंचाई को प्राथमिकता से लिया और एक बार फिर से रेलवे से पत्र व्यवहार करते हुए इसकी उंचाई बढ़ाने के लिये सहमति देने को कहा। आना-कानी में बाद रेलवे विभाग ने कलेक्टर तारण सिंहा को हरी झंडी दे दी है और अब चक्रपथ सडक़ की उंचाई बरसात से पहले बढ़ाने की पहल शुरू कर दी जाएगी।

इस पूरे मामले में जिले के कलेक्टर तारण सिंहा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि चक्रपथ की सडक़ बाढ़ के पानी में डूबने के चलते यातायात प्रभावित होता ही था। साथ ही साथ कलेक्टर व न्यायालय जाने वाले लोगों व अधिकारियों को भी परेशानी होती थी। 

उन्होंने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करवाने के लिये अधिकारियों को कहा था। साथ ही साथ खुद रेलवे विभाग के बड़े अधिकारियों के संपर्क में थे। उसी का नतीजा है कि रेलवे ने लंबे समय बाद बाढ़ के पानी में डूबने वाली चक्रपथ की सडक़ पर उंचाई बढ़ाने के लिये अपनी अनुमति दे दी है। इस महत्वपूर्ण पहल के बाद शहरवासियों ने भी कलेक्टर तारण सिंहा को साधुवाद देते हुए कहा है कि जनहित से जुड़े इस मामले में सार्थक पहल से लोगों को काफी राहत मिलेगी।  

 


अन्य पोस्ट