रायगढ़

भाजपाईयों ने बाईक रैली निकाल घेरा विधायक निवास
21-Feb-2023 4:01 PM
भाजपाईयों ने बाईक रैली निकाल घेरा विधायक निवास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 फरवरी।
प्रधानमंत्री आवास के लिए राज्य सरकार पर अंशदान रोक देने का आरोप लगाते हुए आज भाजपा पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है। इसी के तहत सोमवार को रायगढ़ जिला मुख्यालय में भी भाजपाईयों ने भाजपा कार्यालय से बाईक रैली निकालकर रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक के घर का घेराव करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।  

भाजपाईयों के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस द्वारा कोतरा रोड थाना के पास आंदोलनकारी भाजपाईयों को रोकने बेरिकेट्स लगा रखे थे। थाने के पास रैली पंहुचते ही भाजपा कार्यकर्ता बेरिकेटस पर टूट पड़े और बेरिकेट्स तोड़ कर आगे बढऩे लगे। इस बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई। वहीं महाराणा प्रताप चौक पर भाजपाईयों ने सडक़ पर बैठ कर काफी देर तक नारेबाजी भी की।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गुरूपाल भल्ला ने कहा कि भाजपा सभी विधायकों से पूछ रही है कि अपने कार्यकाल में आपने क्या काम किया है? इसका जवाब नहीं मिलने पर हम उनके घर का घेराव कर पूछ रहे है कि आपने इन 4 साल में क्या काम किया है? वहीं पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कहा कि तकरीबन 15 से 16 लाख गरीब लोगों को पीएम आवास मिलना था, लेकिन प्रदेश सरकार ने अपना अंश रोक कर गरीबों की आशाओं पर कुठाराघात किया है।  

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, श्रीकांत सोमवार, रथु गुप्ता, सुभाष पाण्डेय, कौशलेष मिश्रा,पंकज कंकरवाल, विवेक रंजन सिन्हा, निगम नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शोभा शर्मा, गौतम अग्रवाल, अनुपम पाल आदि शामिल थे।

आंदोलन के दौरान बिगड़ी पूर्व विधायक की तबियत
सोमवार की दोपहर विधायक निवास घेराव के दौरान पूर्व विधायक विजय अग्रवाल को अचानक चक्कर आ गया, जिन्हें वहां स्थित भाजपाईयों के द्वारा अस्पताल ले जाया गया जहां डिस्चार्ज कराकर घर ले जाया गया है। अभी फिलहाल उनका स्वास्थ्य ठीक बताया जा रहा है। धूप में आंदोलन के दौरान उन्हें चक्कर आ गया था और वे अभी घर में आराम कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट