रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 फरवरी। मुखबिर की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने शुक्रवार की सुबह पड़ोसी प्रांत ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 15 किलो गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने ओडिशा सीमा से सटे थाने लैलूंगा, तमनार, चक्रधरनगर, पुसौर प्रभारियों को उनके थाना क्षेत्र के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी होने की संभावना को लेकर तस्करों पर मुखबिर लगाकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है जिस पर थाना प्रभारियों द्वारा मुखबीर सक्रिय कर सूचनाएं ली जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह लैलूंगा थाना प्रभारी रमाशंकर तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक ओडिशा पासिंग बोलेरो में दो गांजा तस्कर गांजा लेकर लैलूंगा की ओर निकले हैं। जिसके बाद थाना प्रभारी ने इस मामले की जानकारी अधिकारियों को अवगत करा कर कोतबा मार्ग पर नाकेबंदी कर बोलेरो पर गांजा तस्करी करते पकड़ा।
इस दौरान वाहन चला रहा आरोपी ने अपना नाम दिवाकर साहू तथा उसके साथ बैठा व्यक्ति अपना नाम नरेश साहू दोनों निवासी बलांगीर ओडिशा के रहने वाले बताए। लैलूंगा पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 80 हजार रूपये बताई जा रही है। गांजा तस्करी करते पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई है।


