रायगढ़

50 किलो गांजा संग दो तस्कर पकड़ाए
23-Jul-2022 5:07 PM
50 किलो गांजा संग दो तस्कर पकड़ाए

कार की डिक्की नीचे खुफिया बॉक्स बनाकर तस्करी, ओडिशा से मध्यप्रदेश जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 जुलाई।
कल दोपहर ग्राम दनसरा वन विभाग बेरियर के पास सारंगढ़ पुलिस ने पांच लाख के 50 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्कर कार की डिक्की नीचे खुफिया बॉक्स बनाकर तस्करी कर रहे थे।
पुलिस द्वारा मुखबिर के बताये अनुसार कार एमपी -20- सी.डी. 5947 को बरगढ़ ओडिशा से आते समय रोका गया, जिसको बारीकी से चेक करने पर गांजा तस्कर कार की डिक्की के नीचे खुफिया केबिननुमा बॉक्स बनाकर रखे थे, जिसमें उनके द्वारा गांजा के पैकेट छिपाकर तस्करी किया जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी अपना नाम आशीष गोस्वामी (33), लखन राकेसिया (34) दोनों निवासी मध्य प्रदेश बताये और गांजा को बरगढ़ ओडिशा से छतरपुर(मध्य प्रदेश) लेकर जाना बताया गया।
आरोपियों के कब्जे से पैकेटों में लिपटा 50 किलो गांजा कीमती 5,00,000 एवं वाहन क्रमांक एमपी 20 सी.डी. 5947 कीमती 7,00,000 जुमला 12,00,000 रुपए की संपत्ति जब्त कर आरोपियों पर थाना सारंगढ़ में 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई है।
 


अन्य पोस्ट