मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 28 जनवरी। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और कर्मचारियों के वेतन भुगतान से जुड़े मुद्दों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में आज नगर पालिका परिषद कार्यालय का घेराव किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी चौक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल रैली निकालते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद के संचालन में नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे जनहित प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पार्षद निधि, अधोसंरचना निधि और 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं और इनकी जांच आवश्यक है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा की कार्यवाही में हेराफेरी की गई, प्रस्तावों में परिवर्तन कर उन्हें पारित किया गया तथा कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने अध्यक्ष पति द्वारा हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने भूपेंद्र क्लब में मलवा उठाने के कार्य को लेकर अनियमितताओं का आरोप लगाया और इसकी जांच की मांग की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि उपस्थिति पंजी और प्रस्ताव पंजी के संधारण में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा में रखे गए प्रस्तावों को बदलकर अन्य प्रस्ताव पारित किए गए, जो प्रक्रिया के अनुरूप नहीं है।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस विषय को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने आरोप लगाया कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।
वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और इसके विरोध में आंदोलन तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और सहयोगी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


