मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
समिति प्रबंधक को ‘चूहा पकडऩे की जाली’ भेंट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 24 जनवरी। धान खरीदी व्यवस्था को लेकर उठ रही शिकायतों के विरोध में शुक्रवार को चैनपुर धान खरीदी केंद्र में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समिति प्रबंधक को एक ‘चूहा पकडऩे की जाली’ भेंट की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों पर ‘चूहों से नुकसान’ का हवाला देकर किसानों की उपज में कटौती की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि इस कारण किसानों को उनकी पूरी उपज का भुगतान नहीं मिल पा रहा है। पार्टी ने इसे प्रदेश के विभिन्न खरीदी केंद्रों से मिल रही शिकायतों से जोड़ते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा, किसान मेहनत करके धान पैदा करता है, लेकिन खरीदी केंद्रों में चूहों के नाम पर कटौती की जा रही है। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि धान खरीदी को लेकर किसानों से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी ने कहा कि अलग-अलग स्थानों से एक जैसी शिकायतें मिलना गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि किसानों को खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता है। नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने कहा कि यदि किसानों को उनका पूरा भुगतान नहीं मिला, तो कांग्रेस आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का असर उनके परिवारों पर भी पड़ता है और कांग्रेस उनके समर्थन में खड़ी है।
इस कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस हाफिज मेमन, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी, जिला अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस अमोल सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे धान खरीदी से जुड़े मुद्दों को लेकर आगे भी अपनी बात उठाते रहेंगे।


