मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

आप से निष्कासित पदाधिकारियों ने लगाए अवैध वसूली के आरोप
24-Sep-2023 8:09 PM
आप से निष्कासित पदाधिकारियों ने लगाए अवैध वसूली के आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 24 सितम्बर। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में शनिवार को आम आदमी पार्टी से निष्कासित किए गए चार अलग-अलग पदाधिकारियों के द्वारा प्रेस वार्ता कर पार्टी के एमसीबी जिलाध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, जिला सचिव विकास पांडेय के अलावा महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष सुखमंती सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से ऐसे लोगों को बाहर का रास्ता नहीं दिखाए जाने की दशा में वे अपनी ओर से निर्दलीय प्रत्याशी उतारेंगे।

आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राकेश सोनी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष लल्ला बैगा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष महिला विंग मनेंद्रगढ़ अरूणा पनिका एवं आम आदमी पार्टी से जुड़े श्रमिक विकास संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के जिलाध्यक्ष, सचिव व महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष के द्वारा रेत माफियाओं, कृषि, वन और खनिज विभाग से 50 हजार से 1 लाख तक की अवैध वसूली की जाती है जिसको पार्टी के लिए नहीं, बल्कि अपने लिए खर्च किया जाता रहा है साथ ही कहा कि कोटाडोल व हरचौका में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने एक माह तक धरना दिया गया, लेकिन बिना किसी परिणाम के आंदोलन समाप्त कर दिया गया और आज भी इन क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन बेधड? जारी है। पार्टी के कार्यक्रम में इनका कोई योगदान नहीं रहता है। पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा अपनी जेब से खर्च कर कार्यक्रम किए जाते हैं।

जिला सचिव विकास पांडेय के द्वारा हम लोगों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का पत्र भी दिया गया जबकि प्रदेश से कोई भी इस तरह की जानकारी नहीं दी गई है।

पार्टी से निष्कासित किए गए पदाधिकारियों ने बताया कि उनके द्वारा अपना पक्ष पार्टी के प्रदेश कार्यालय को भी भेजा गया है, लेकिन आज तक प्रदेश कार्यालय से कोई भी लिखित जानकारी नहीं आई है। पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राकेश सोनी ने कहा कि पार्टी के लिए मिलने वाली सहयोग राशि को लेकर जब हम लोग इनके खिलाफ बोलना शुरू किए तो हम लोगों को निष्कासित कर दिया गया।

प्रेसवार्ता में पार्टी में भ्रष्टाचार करने वाले नेताओं को पार्टी से भारमुक्त करने की मांग की गई, जिससे पार्टी की क्षवि बनी रहे।


अन्य पोस्ट