मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

भविष्य को सुरक्षित रखने पर्यावरण को बचाना जरूरी
05-Jun-2023 4:06 PM
भविष्य को सुरक्षित रखने पर्यावरण को बचाना जरूरी

पतंजलि योग समिति के सदस्यों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 5 जून।
प्रकृति के दोहन का ही नतीजा है कि कहीं शहर सूख रहे हैं कहीं पर भयानक बाढ़ है। प्रकृति के इस असंतुलन को रोकने के लिए अब वक्त आ गया है कि हम प्रकृति के प्रति संवेदनशील हों।

उक्त बातें नेशनल ग्रीन कोर के जिला समन्वयक एवं वरिष्ठ पर्यावरणविद सतीश उपाध्याय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कही। उपाध्याय 22 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण एवं जन जागरूकता की दिशा में काम कर रहे हैं। वे लगभग 10 हजार स्कूली छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को प्रशिक्षित कर चुके हैं। पतंजलि योग समिति के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से हमारे पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अब एक वैश्विक आंदोलन की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से हम पर्यावरण बचाने में महत्वपूर्ण सहयोग दे सकते हैं। पतंजलि योग समिति से जुड़े सुखविंदर सिंह ने कहा कि पर्यावरण बचाना आज सबसे बड़ी जरूरत है। पर्यावरण बचेगा तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। राकेश अग्रवाल ने कहा कि अब केवल श्वसन से संबंधित बीमारियां बढ़ रही हैं इसका  कारण निश्चित रूप से पर्यावरण  विनाश और निरंतर कटते वन ही हैं। पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पिंकी रैना ने कहा कि इंसान की संकीर्णता  के कारण पर्यावरण निरंतर प्रदूषित हो रहा है। वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड और मीथेन जैसे ग्रीन हाउस गैसें स्वास्थ को चौपट कर रही है एवं पृथ्वी का तापमान निरंतर बढ़ता जा रहा है। विवेक तिवारी ने कहा कि पेड़  मिट्टी के कटाव को कम करते हैं एवं प्राकृतिक आपदा से हमें बचाते है, इसलिए अधिक से अधिक पेड़ पौधे लगाना चाहिए। 

महिला पतंजलि योग समिति से जुड़ीं नवीन योग साधिका जसलीन कौर ने कहा छत्तीसगढ़ में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन किसी भी प्रकार के प्रतिबंध का असर प्रदेश में नहीं दिख रहा है। 

जसवीर सिंह सलूजा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हमें यह प्रण लेना चाहिए कि ई वेस्ट और प्लास्टिक वेस्ट को हम जिम्मेदारी से डिस्पोज करें जिससे पर्यावरण प्रदूषित न हो। वहीं संजय अग्रवाल ने कहा कि अब हवा निरंतर जहरीली होती जा रही है और प्रदूषण की खतरनाक स्थिति दिनों-दिन सामने आ रही है। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए हमें इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का उपयोग कम करना होगा एवं पौधारोपण पर विशेष फोकस करना होगा। 

उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से इस बात का चिंतन किया कि प्रकृति का तेजी से दोहन हो रहा है एवं धरती की जैव विविधता नष्ट हो रही है, हमें इसके संरक्षण पर गंभीरतापूर्वक विचार करना होगा। 

संकल्प लेते हुए पतंजलि योग समिति के सदस्यों ने इस बात की शपथ ली कि पारिस्थितिकीय संतुलन बिगड़ रहा है, इसकी गंभीरता को देखते हुए पेड़-पौधे एवं जीव-जंतु के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास पर भी हमें ध्यान देना होगा। कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योग समिति के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने किया।


अन्य पोस्ट