महासमुन्द

40-50 कार्यों पर बजट तैयार किया गया है, धारा 144 के चलते बैठक रद्द- नपाध्यक्ष
लेखा जोखा सब तैयार है-सीएमओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। नगर पालिका में इस वित्तीय वर्ष में भी बजट पेश नहीं हो पाया है। यही हाल पिछले वित्तीय वर्ष का था। गत वर्ष भी पालिका में कोरोना संक्रमण के कारण बजट पेश नहीं हो पाया था। इसके चलते शहर में एक भी बड़े विकास कार्य नहीं हो पाए थे। यही हाल इस वर्ष भी है। वैसे महासमुंद शहर के लोगों को इस साल पालिका के बजट का काफी इंतजार था। नगरवासियों को उम्मीद थी कि इस बार कोई बड़ी सुविधा पालिका नगरवासियों को देगी।
गौरतलब है कि हर वित्तीय वर्ष में फरवरी या मार्च में नगरीय निकायों का बजट पेश किया जाता होता है। इसमें सालभर में संभावित आय-व्यय का लेखा जोखा प्रस्तुत किया जाता हैै। साथ ही बीते वित्तीय वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा भी सामने रखा जाता है। नए कर लगाने या हटाने या कम करने तथा नगर विकास के कई प्रस्ताव नगरीय निकाय के सामान्य सभा में रखे जाते हैं। पालिका ने इस साल तालाबों का संधारण, वार्डो में नाली, रोड निर्माण, न्यू बस स्टैंड को लेकर कई सौगात देने की योजना बनाई थी।
इसके अलावा पुराने काम भी अभी तक पूरे नहीं हो पाए हैं। वर्ष 2016-17 के बजट में पेश हुए कार्यों का निर्माण अभी तक चल रहा है। कुछ प्रतिशत काम शेष है, लेकिन राशि नहीं होने के कारण काम रूक गया है। इससे लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी एके हालदार ने बताया कि बजट की तैयारियां पूरी कर ली गई थी। लेखा जोखा भी तैयार हो गया है। बैठक के लिए समय भी निर्धारित हो गया था, लेकिन कोरोना को देखते हुए बैठक रद्द करना पड़ा। पीआईसी के अनुमोदन के बाद सामान्य सभा में बजट पेश किया जाएगा। जबकि पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर का कहना है कि 40 से 50 कार्यों पर बजट तैयार किया गया है। बैठक 31 मार्च को होने वाली थी, लेकिन प्रशासन ने धारा 144 लागू करते हुए सार्वजनिक कार्यक्रम व बैठक रद्द कर दी है।