महासमुन्द
बिहान योजना से बदली तकदीर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 21 फरवरी। ग्रामीण अंचल में महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम म.क. बाहरा की सखी सहेली महिला स्व सहायता समूह की सदस्य राजेश्वरी चंद्राकर ने मेन रोड खल्लारी में बुटीक एवं इलेक्ट्रिकल्स शोरूम का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी बिहान योजना के सहयोग से शुरू हुआ यह प्रतिष्ठान आज क्षेत्र में महिला उद्यमिता की नई दिशा दिखा रहा है।
दुकान का विधिवत उद्घाटन जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण से व्यवसाय तक का सफर
राजेश्वरी चंद्राकर ने बताया कि वे लंबे समय से रीपा में एलईडी बल्ब निर्माण कार्य से जुड़ी रही हैं और अपने पति चेतन रिंकू चंद्राकर के टेंट एवं डीजे व्यवसाय में भी सहयोग करती रही हैं। उद्यमिता की इसी पृष्ठभूमि ने उन्हें स्वयं का कारोबार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
बिहान योजना के अंतर्गत आरएफ, सीआईएफ तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से लगभग 10 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। एलईडी निर्माण और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने बुटीक और इलेक्ट्रिकल्स शोरूम की स्थापना की। उनका उद्देश्य केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनना नहीं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
राजेश्वरी ने कहा कि योजनाओं का सही मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने कहा कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बिहान योजना महिलाओं को आत्मविश्वास, संसाधन और मंच प्रदान कर रही है। राजेश्वरी चंद्राकर ने अपने परिश्रम और संकल्प से यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं।
उन्होंने खल्लारी क्लस्टर की महिलाओं से स्वरोजगार की दिशा में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि जनपद पंचायत हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में क्षेत्र में महिला आधारित सूक्ष्म उद्यमों को और बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जनपद सभापति भूमिका रामलाल सिन्हा, जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, सरपंच संघ अध्यक्ष एडिसन ठाकुर, पूर्व सरपंच रामलाल सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश पटेल, उमेश साहू, मुबारक अली खान, उत्तम राणा, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आकाश चंद्राकर, तूफान दीवान, बालमुकुंद सिन्हा, प्रीतम साहू सहित जनपद के अधिकारी एकलदेव निषाद, शिवम नगारची, हेमंत दुबे, गायत्री सिन्हा, भारती विश्वकर्मा, टिकेश्वरी बघेल एवं बिहान कैडर की महिलाएं उपस्थित रहीं।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता ग्रामीण समाज
खल्लारी में शुरू हुआ यह नया प्रतिष्ठान केवल एक दुकान नहीं, बल्कि बदलती ग्रामीण सोच का प्रतीक है। बिहान योजना के माध्यम से अब महिलाएं रोजगार की तलाश करने वाली नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाली बन रही हैं। राजेश्वरी चंद्राकर की सफलता आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।


