महासमुन्द

राजधानी जा रही किसानों की ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने रोका, आक्रोशित किसानों ने किया बेलसोंडा में चक्काजाम
21-Feb-2026 4:43 PM
राजधानी जा रही किसानों की ट्रैक्टर रैली को पुलिस ने रोका, आक्रोशित किसानों ने किया बेलसोंडा में चक्काजाम

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 फरवरी। सिकंदराबाद तेलंगाना स्थित कावेरी बीज कंपनी द्वारा करीब पौने चार करोड़ रुपए का बकाया भुगतान न किए जाने से नाराज सैकड़ों किसान और मजदूर कल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ रायपुर-धनेली स्थित कंपनी के प्रोसेसिंग प्लांट का घेराव करने निकले। इस दौरान जब पुलिस प्रशासन ने उन्हें बीच रास्ते में रोका तो आक्रोशित किसानों ने नेशनल हाइवे 353 पर ही डेरा डाल दिया और चक्काजाम कर सडक़ पर बैठ गए।

पूरा मामला कावेरी बीज कंपनी द्वारा किसानों की जमीन लीज पर लेकर बीज उत्पादन कराने से जुड़ा है। वर्ष 2024-25 के रबी सीजन में कंपनी ने छत्तीसगढ़ के 132 किसानों की भूमि लीज रेग पर ली थी। किसानों ने अपनी जमीन दी। मजदूरों ने खून-पसीना बहाया और मशीनरी का उपयोग हुआ। लेकिन काम पूरा होने के बाद कम्पनी ने किसानों का पैसा नहीं दिया।

हाइवे पर घंटों चले प्रदर्शन और जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। श्रम अधिकारी डी एन पात्र ने मजदूरों को लिखित आश्वासन दिया कि 30 अप्रैल 2026 तक उनके पूरे पारिश्रमिक का भुगतान करा दिया जाएगा।

 कृषि संचालनालय के अपर संचालक चिरंजीव सरकार ने कंपनी के प्रोसेसिंग प्लांट पर कार्रवाई के लिए एक पत्र जारी किया है। साथ ही यह तय हुआ है कि होली के बाद कावेरी कंपनी के प्रबंध निदेशक के साथ किसान प्रतिनिधियों और प्रशासन की एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें अंतिम समाधान निकाला जाएगा।

अधिकारियों के इस ठोस आश्वासन और समय-सीमा तय होने के बाद किसानों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। प्रदर्शन में मुख्य रूप से कृष्ण कुमार चंद्राकर,रोशन चंद्राकर, महेन्द्र बंजारे, इन्द्राणी साहू, लता पटेल, रामकली पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में किसान और महिला श्रमिक शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर भुगतान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


अन्य पोस्ट