महासमुन्द

सोलर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने घेरा एसडीएम दफ्तर, बेमुद्दत धरना-प्रदर्शन
17-Feb-2026 7:49 PM
सोलर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों ने घेरा एसडीएम दफ्तर, बेमुद्दत धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17 फरवरी। ग्रामजंगलबेड़ा में निमार्णाधीन सोलर प्लांट का विरोध अब जोर पकडऩे लगा है। सोमवार से एसडीएम कार्यालय के सामने ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। ग्रामीणों ने पहले दिन धरना-प्रदर्शन के साथ एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। आंदोलन में सरायपाली विधायक चातुरी नंद स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों के समर्थन में धरने पर बैठी रहीं। साथ ही इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण महिलाएं, पुरुष, युवा, ग्राम सरपंच एवं पंचगण भी शामिल हुए।  

ग्रामीणों ने ग्रामसभा की वैधानिक सहमति के बिना चल रहे निर्माण कार्य पर तत्काल स्थगन आदेश जारी किये जाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग की है। धरना को संबोधित करते हुए विधायक नंद ने कहा कि जंगलबेड़ा का यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ का मुद्दा नहीं है बल्कि यह ग्रामसभा के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। यदि ग्राम सभा की वैधानिक सहमति के बिना निर्माण कार्य शुरू किया गया है तो यह सीधे-सीधे कानून का उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि आज सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं और पुरुष अपने अधिकारों के लिए एसडीएम कार्यालय के सामने बैठे हैं।

यह उनकी मजबूरी नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व की रक्षा का संकल्प है। जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य पर तत्काल स्थगन आदेश जारी किये जाने की उन्होंंंंने मांग की। उन्होंने न्याय मिलते तक इस संघर्ष के जारी रहने की बात कही है।

प्रदर्शन में ब्लाक कांग्रेस में सरायपाली शहर अध्यक्ष कमल अग्रवाल. ग्रामीण अध्यक्ष तेजराम पटेल, छुईपाली अध्यक्ष तन्मय पंडा, भंवरपुर ब्लाक अध्यक्ष घसिया सिदार, ग्रामीण टेकराम चौधरी, घासीराम चौहान, कैलाश चौधरी,जुगल किशोर भोई, दिनेश भोई, महानंद भोई, भागीरथी साहू सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट