महासमुन्द
महासमुंद, 16 फरवरी। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत जिले में रबी दलहनी एवं तिलहनी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाएगा। उपसंचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि उपार्जन हेतु किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन 01 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी तक मान्य होगा। इस योजना के अंतर्गत कुल 8 फसलों का जिसमें अरहर 8000, मूंग 8768, उड़द 7800, मूंगफली 7263, सोयाबीन 5328, चना 5875, मसूर 7000 और सरसों 6200 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी।
उपार्जन की अवधि फसलवार निर्धारित की गई है। अरहर एवं सरसों का उपार्जन 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक किया जाएगा। वहीं मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन का उपार्जन 24 अप्रैल 2026 तक तथा चना और मसूर का उपार्जन 01 मार्च से 30 मई तक किया जाएगा।
जिले में उपार्जन केंद्र कृषि उपज मंडी महासमुंदष प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सिर्री पठारी मुड़ा, कोमाखान बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं कृषि उपज मंडी सरायपाली विकासखंडों में निर्धारित किए गए हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे समय.सीमा के भीतर पंजीयन कराकर योजना का लाभ लें। पंजीयन हेतु किसान का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड एवं ऋण पुस्तिका आवश्यक होगी। संपर्क हेतु किसान ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा अधिसूचित प्राथमिक सहकारी समिति के समिति प्रबंधक से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


