महासमुन्द

युवाओं के लिए नि:शुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण
17-Feb-2026 4:01 PM
युवाओं के लिए नि:शुल्क आवासीय कौशल प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा राज्य के युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ समझौता किया गया है। इस क्रम में सत्य सांई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट एवं द लांड्री बैग के साथ पृथक-पृथक समझौते संपादित किए गए हैं।

सत्य सांई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के माध्यम से पात्र युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित एनएसक्यूएफ.अलाइन पाठ्यक्रमों में केवल आवासीय स्वरूप में नि:शुल्क, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद मूल्यांकन, प्रमाणीकरण एवं यथासंभव प्लेसमेंट हेतु मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

इसी प्रकार द लांड्री बैग के साथ किए गए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत लांड्री ऑपरेशन स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम में केवल आवासीय एवं ऑन द जॉब ट्रेनिंग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास, भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं संस्था द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी तथा सफल प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार प्राप्त करने में सहायता प्रदान की जाएगी। दोनों कार्यक्रमों के लिए प्रारंभिक पंजीयन संबंधित संस्थाओं द्वारा तैयार किए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से किया जा रहा है। जिसके आधार पर प्रारंभिक छंटनी की जाएगी और पात्र उम्मीदवारों से संस्था द्वारा सीधे संपर्क किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा जिला स्तर पर सहायक संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र एवं इच्छुक युवाओं की पहचान कर उन्हें इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दें तथा पंजीयन प्रक्रिया से जोड़ें। साथ ही प्रशिक्षण संबंधी सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए प्रारंभिक पंजीयन अनिवार्य है। प्रशिक्षण पूर्णत: नि:शुल्क है और प्रशिक्षण अवधि के दौरान संस्थान के नियमों एवं अनुशासन का पालन करना आवश्यक होगा।


अन्य पोस्ट