महासमुन्द

महासमुंद में गरज के साथ जमकर बारिश, यलो अलर्ट जारी
08-Oct-2024 3:19 PM
महासमुंद में गरज के साथ जमकर बारिश, यलो अलर्ट जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अक्टूबर। लगभग महीने भर बाद कल शाम शहर सहित अंचल में अच्छी बारिश हुई है। लिहाजा अक्टूबर माह में जून जैसी उमस वाली गर्मी से लोगों को हल्की राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों ने 8 से 10 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश तथा वज्रपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मालूम हो कि पिछले 20-25 दिनों में उमस ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर रखा है। इस बीच कल हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मौसम विभाग ने कुल 10 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जिसमें महासमुंद भी शामिल है। समुद्री लहरों की वजह से एक बार पिर विदा हो रहे बारिश ने यू टर्न ले लिया है। विज्ञान केंद्र भलेसर की रिपोर्ट के अनुसार एक द्रोणिका बस्तर तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के आसपास 9 किलो मीटर दिखाई दे रहा है। इसके चलते 10 जिलों में बारिश की प्रबल संभावनाएं जताई है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण ओडि़शा तथा उससे लगे उत्तर पश्चिम के ऊपर 1.5 किमी से 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश के चलते 1-2 स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की भी संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। अगले 3 दिनों तक अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज वर्षा होने की सम्भावना बनी हुई है। पखवाड़े भर से अंचल में चिलचिलाती धूप की वजह से लोग हलाकन थे। स्थिति यह रही कि ठंड के सीजन शुरू होने के बाद भी घरों में एसी कूलर व पंखे चल रहे हैं।


अन्य पोस्ट