महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अक्टूबर। खैरझिटी स्थित करणी कृपा स्टील पावर प्लांट में हुए हादसों के विरोध, घायलों को क्षतिपूर्ति दिलाने तथा विभिन्न मांगों को लेकर एक अक्टूबर को संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले सत्याग्रही किसानों व क्षेत्र के ग्रामीणों ने रैली निकालकर धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने कल सत्याग्रह स्थल पर सभा पश्चात रैली निकालकर करणी कृपा पावर प्लांट के मुख्य गेट के समक्ष नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सत्याग्रहियों को रोकने पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात थे।
मुख्य मार्ग से होते हुए आंदोलनकारियों की रैली प्लांट के मुख्य गेट के पास पहुंची। जहां पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच किसानों ने नारेबाजी करते खर्च देने की मांग की। जिस पर डीएसपी ने एक दिन का समय मांगा। इसके अलावा किसानों ने प्लांट में हुए संपूर्ण घटनाओं की जांच कार्रवाई तथा न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन करने की मांग की। इस अवसर पर आंदोलन के नेतृत्वकर्ता राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे, दाऊ जीपी चंद्राकर, वेगेंद्र सोनवेर, लालाराम वर्मा, छन्नू साहू, बृजबिहारी साहू, अशोक कश्यप, दशरथ सिन्हा, डेविड चंद्राकर, हेमसागर पटेल, नाथूराम सिन्हा,लीलाधर पटेल, तोषण सिन्हा, धर्मेंद्र यादव, उदय चंद्राकर, बोधन यादव, प्यारेलाल धीवर, करण साहू, गणेश साहू, रमेश साहू, दौलत ध्रुव, अलख साहू, कुमार बरिहा, भोला साहू, बैसाखू सिन्हा, बेनिराम पटेल, रामनाथ ढीढी, डोमार ध्रुव, नरेश धीवर, मोहन यादव, अमजद खान, घनश्याम पटेल शामिल थे।
पुलिस ने प्लांट के अंदर जाने से किसानों को रोका। प्रयास के दौरान पुलिस व किसानों के बीच धक्कामुक्की तथा झूमाझटकी भी हुई।
पुलिस की एक सुरक्षा घेरा तोडक़र आंदोलनकारी गेट के अंदर प्रवेश करने की कोशिश करते रहे लेकिन अंतत: उन्हें उन्हें रोक लिया।
इस दौरान आंदोलनकारी घायल यशकुमार को वेतन देने, उपचार का संपूर्ण मुआवजा देने की मांग करते रहे।