महासमुन्द

बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा -विधायक सिन्हा
02-Oct-2024 2:39 PM
बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा -विधायक सिन्हा

वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, खेल स्पर्धाएं, सम्मान      

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला मुख्यालय महासमुंद के डॉ.भीमराव अंबेडकर मांगलिक भवन खैरा बागबाहरा रोड में जिला स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ मुख्य अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा थे। महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण केबाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर सरायपाली विधायक चातुरीनंद, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल,नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक संगीता सिंह मौजूद थे।

कार्यक्रम में विधायक श्री सिन्हा सहित अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 20 वरिष्ठजनों एवं सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही 600 वृद्धजनों को कम्बल एवं दैनिक उपयोग हेतु किट, 11 वृद्धजनों को श्रवण यंत्र, 25 छड़ी प्रदान की गई। इसी प्रकार खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 वृद्धजनों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को विधायक श्री सिन्हा ने संबोधित करते हुए कहा कि वृद्धजनों का सम्मान करना पुण्य का काम है। बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा है। जिस घर में बुजुर्ग माता पिता है उनका चेहरा देखकर निकलने मात्र से ही वास्तु दोष समाप्त हो जाता है। वृद्धजनों से हमें प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सदैव मार्गदर्शन मिलता है। जिन घरों में बुजुर्गों की कद्र नहीं होती वहां संस्कारों का अभाव रहता है। हम सभी को बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए। लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि प्रत्येक व्यक्तियों को बुढ़ापा का सामना करना होता है। हम जैसा व्यवहार कर रहे हैं,वैसा ही लोगों से अपने लिए उम्मीद करेंगे। हमारी संस्कृति में वृद्धों को अत्यंत उच्च एवं आदर्श स्थान प्राप्त है। लेकिन विडंबना है कि आज उन्हें वृद्धाश्रम में असहाय रहना पड़ता है।

सरायपाली विधायक चातुरीनंद ने कहा कि वृद्धजन अनुभव का खजाना होते हैं। वृद्धजनों के सम्मान से ही आने वाली पीढ़ी का भविष्य और बेहतर एवं उज्ज्वल हो सकता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग घर की शोभा होते हैं। इनके रहने से आश्रय और संबल मिलता है। साथ ही यह हमारी हर समस्या का समाधान करने में सक्षम होते हंै। उन्होंने अपने जीवन की लंबी यात्रा तय की है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल एवं नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल,संदीप दीवान,नीलम दीवान,श्याम साकरकर, गोविंद सिंह ठाकुर, आकाश पांडेय,अभिषेक पांडेय,अंबु साहू, डिगेश साहू एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि वृद्धजन हमारे लिए महत्वपूर्ण धरोहर है। आज की युवा पीढी इनके जीवन को अच्छा बना सकते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से वृद्धजनों के करने का आव्हान किया। समाज सिंह ने वृद्धजनों के सम्मान पर अपने विचार व्यक्त किए और समाज कल्याण में संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिले के अलग-अलग जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों से आमंत्रित 800 से अधिक वृद्धजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए साथ ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

आर्केस्टा ग्रुप शिवा सुरदास एवं कांशीराम कमार म्यूजिकल बैंड की टीम ने इस दौरान छत्तीसगढ़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्ति एवं स्वच्छता अभियान की शपथ ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक,वृद्धजन एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट